बिहार : मोतिहारी से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। कोटवा थाना क्षेत्र के दीपऊ मोड़ पर रविवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सड़क पार कर रहे बाइक सवार और अन्य लोग ट्रक की चपेट में आ गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। हादसा करीब दोपहर 12:30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, मोतिहारी-गोपालगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने एक साथ कई लोगों को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक ने कुल 9 लोगों को टक्कर मारी, जिसमें से 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
Highlights:
घटना में कई लोग घायल, हालत गंभीर
हादसे में मरने वालों के अलावा कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन और पुलिस मिलकर घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की कोशिश कर रहे हैं।
NH किया गया जाम, लोगों में गुस्सा
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। लोगों का कहना है कि इस मोड़ पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन खतरा बना रहता है, लेकिन सुरक्षा को लेकर कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की।
स्थानीय विधायक मौके पर, परिजनों को न्याय का भरोसा
स्थानीय विधायक सचिंद्र प्रसाद सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और प्रशासन से जल्द कार्रवाई तथा न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। विधायक ने अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने और सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का निर्देश दिया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने की जानकारी है। पुलिस चालक की तलाश कर रही है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। कोटवा थाने की टीम ने बताया कि जाम हटाने और स्थिति को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।


