जबलपुर: मध्य प्रदेश के कटनी रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब पटना से पुणे जा रही ट्रेन से 150 से अधिक बच्चों को उतार लिया गया। प्रशासन को मानव तस्करी की आशंका होने पर तुरंत कार्रवाई की गई। सूत्रों के अनुसार, एक सामाजिक संगठन ने अधिकारियों को जानकारी दी थी कि बड़ी संख्या में 7 से 15 वर्ष की उम्र के बच्चों को बिहार से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम अलर्ट हो गई।
Highlights:
ट्रेन पहुंचते ही संयुक्त कार्रवाई
जैसे ही ट्रेन कटनी स्टेशन पहुंची, सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सभी बच्चों को ट्रेन से उतार लिया। जांच में कुल 167 बच्चों को सुरक्षित निकाला गया, जिससे मामला और गंभीर हो गया। घटना के बाद बाल सुरक्षा अधिकारियों ने सभी बच्चों की काउंसलिंग शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अधिकांश बच्चे मुस्लिम समुदाय से हैं और उन्हें महाराष्ट्र के मदरसों में दाखिले के लिए ले जाया जा रहा था।
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
यह भी पढ़ें: 3 जुलाई से 28 अगस्त तक होगी इस साल अमरनाथ यात्रा, 15 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन होगा शुरू
दस्तावेज भी मिले
जांच के दौरान बच्चों को ले जाने वाले लोगों के पास कुछ दस्तावेज भी मिले हैं, जिनमें मदरसों में दाखिले से संबंधित जानकारी दर्ज है। हालांकि, इन दस्तावेजों की सत्यता की जांच की जा रही है। सभी बच्चों को फिलहाल सुरक्षित स्थानों पर रखा गया है। करीब 80 बच्चों को जबलपुर के बाल गृह में भेजा गया है, जबकि बाकी बच्चों को कटनी के बाल संरक्षण गृह में रखा गया है। पूरे मामले की जांच बाल कल्याण समिति, रेल पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम मिलकर कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि बच्चों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है और बिहार के संबंधित इलाकों में भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला मानव तस्करी का है या बच्चों को वैध रूप से शिक्षा के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
Air Now के यूट्यूब चैनल को देखने के लिए यहां क्लिक करें:-


