Thursday, October 29, 2026

वर्ल्ड चैंपियन भारतीय महिला क्रिकेट टीम को दुनिया भर से मिली बधाई, करोड़ों रूपए इनामों की भी हुई बारिश

एयरनाउ डेस्क: भारतीय महिला टीम ने रविवार को हुए वर्ल्ड कप फ़ाइनल मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका को हराकर खिताब जीता. भारतीय टीम पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनी है. उनकी जीत पर प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति समेत कई दिग्गज खिलाड़ियों ने भी बधाई दी है और उनकी तारीफ़ की है. उनकी इस सफ़लता पर उन्हें दुनिया भर से बधाइयां मिल रही हैं. नेताओं और ख़िलाड़ियों के अलावा टेक जगत के सत्या नडेला, सुंदर पिचाई जैसे दिग्गजों ने भी उन्हें बधाई दी है. दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली ने उनकी तारीफ़ की है.

राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने की तारीफ़ 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम के वर्ल्ड कप जीतने पर उन्हें बधाई दी है. राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा, “भारतीय महिला क्रिकेट टीम के हर एक सदस्य को आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 जीतने पर मेरी हार्दिक बधाई. उन्होंने पहली बार यह खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है. यह ऐतिहासिक पल महिला क्रिकेट को और ऊंचाइयों तक ले जाएगा. लड़कियों ने भारत को गौरवान्वित किया है.”

वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के फ़ाइनल में भारतीय टीम की शानदार जीत. फ़ाइनल में खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहतरीन स्किल और आत्मविश्वास से भरा था. पूरे टूर्नामेंट में टीम ने असाधारण टीमवर्क और दृढ़ता दिखाई. हमारे खिलाड़ियों को बधाई. यह ऐतिहासिक जीत भविष्य के चैंपियनों को खेलों में आने के लिए प्रेरित करेगी.”

जीत पर दिग्गजों की प्रतिक्रिया

सचिन तेंदुलकर ने कहा कि 1983 में वर्ल्ड कप में मिली जीत ने एक पूरी पीढ़ी को बड़े सपने देखने और उन सपनों का पीछा के लिए प्रेरित किया था. “आज हमारी महिला क्रिकेट टीम ने सचमुच कुछ ख़ास किया है. उन्होंने देशभर की अनगिनत युवा लड़कियों को बल्ला और गेंद उठाकर मैदान पर उतरने और यह विश्वास करने के लिए प्रेरित किया है कि वे भी एक दिन ट्रॉफ़ी उठा सकती हैं.” सचिन ने कहा, “भारतीय महिला क्रिकेट के सफ़र में यह एक निर्णायक पल है. शाबाश, टीम इंडिया. आपने पूरे देश को गौरवान्वित किया है.”

वहीं विराट कोहली ने कहा कि यह जीत आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणा है. उन्होंने कहा, “आपने अपने निडर क्रिकेट और विश्वास से हर भारतीय को गौरवान्वित किया है. आप सभी तारीफ़ की हक़दार हैं. इस पल का भरपूर आनंद लें. हरमन और टीम को शाबाशी. जय हिंद.”  वहीं भारतीय टी20 क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने चैंपियंस की तस्वीर शेयर करते हुए एक्स पर लिखा, “भारतीय क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक पल. हमारी महिला खिलाड़ियों ने दुनिया को दिखा दिया है कि जुनून, ज़िद और विश्वास से क्या कुछ हासिल किया जा सकता है. बधाई.”

उधर भारत की स्टार बॉक्सर निख़त ज़रीन ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को वर्ल्ड चैंपियन बनने पर बधाई दी है. निख़त ने एक्स पर लिखा, “इतिहास रच दिया और करोड़ों दिलों को जीत लिया. टीम इंडिया आपको सलाम. आपने हमें यक़ीन दिलाया, हमें रुलाया और गर्व महसूस कराया. ये दुनिया आपकी है.”

WhatsApp Image 2025 11 03 at 18.37.33 1

51 करोड़ रुपये देने का बीसीसीआई का एलान

भारतीय महिला क्रिकेट टीम के वर्ल्ड चैंपियन बनने पर बीसीसीआई ने 51 करोड़ रुपये देने का फ़ैसला किया है. इसकी जानकारी बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने दी. उन्होंने कहा, “महिला खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए बीसीसीआई ने इनाम के तौर पर 51 करोड़ रुपये देने का फ़ैसला किया है. ये पैसे सभी खिलाड़ियों, कोच, सेलेक्टर्स और सपोर्ट स्टाफ़ को दिए जाएंगे.”

हिमाचल प्रदेश सरकार ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की गेंदबाज़ रेणुका सिंह ठाकुर और मध्य प्रदेश सरकार ने गेंदबाज़ क्रांति गौड़ को एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की है. यह घोषणा हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान की,जबकि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक सभा के दौरान की. क्रांति गौड़ और रेणुका सिंह आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारतीय टीम का हिस्सा थीं.

एयर नाऊ स्पेशल

Radhakrishna Kishore Podcast: राजनीति में आने की वजह से...

Radhakrishna Kishore Podcast: झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर अपने बेबाक अंदाज और साफगोई के लिए जाने जाते हैं। एयरनाऊ के खास पॉडकास्ट...
- Advertisement -spot_img

सोशल मीडिया

25,000FansLike
40,000FollowersFollow
500FollowersFollow
113,000SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग ख़बर