नई दिल्ली : पंजाब में मंगलवार रात तीन घंटे के अंतराल पर जालंधर व अमृतसर में बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर जोरदार धमाके हुए। जालंधर में मंगलवार रात करीब 8:15 बजे बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर एक स्कूटी में धमाका हुआ, जिससे कैंपस की दीवारें तक हिल गईं। वहीं इसके कुछ घंटे बाद रात लगभग 10: 50 बजे अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक खासा क्षेत्र में भी बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर जोरदार धमाका हुआ। एसएसपी सोहेल मीर कासिम ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि बाइक पर सवार दो नकाबपोशों ने विस्फोटक को हवा में उछालते हुए बीएसएफ हेडक्वार्टर की तरफ फेंका। दीवार के साथ लगते ही जोरदार धमाका हुआ।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : तमिलनाडु में सीएम स्टालिन ने दिया इस्तीफा, TVK ने नई सरकार बनाने का किया दावा, 7 मई को ‘विजय’ तिलक
जालंधर में स्कूटी में धमाका
बताया जा रहा है कि जालंधर में हुए धमाके की आवाज करीब डेढ़ किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। इसमें एक व्यक्ति भी घायल हो गया लेकिन इसकी पहचान नहीं हो पाई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सुरक्षा एजेंसियां और बीएसएफ के जवान मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को तुरंत सील कर दिया। डॉग स्ववायड, बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक टीम ने मलबे और आसपास के साक्ष्यों की जांच की। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि स्कूटी में आग लगने के बाद ही विस्फोट हुआ है। हर एंगल से जांच की जा रही है, लेकिन किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
हिरासत में स्कूटी चालक
इधर घटना के कुछ ही देर बाद पुलिस ने स्कूटी चालक को हिरासत में ले लिया है। जिस स्कूटी में धमाका हुआ वह गढ़ा इलाके में रहने वाले गुरप्रीत सिंह की है। वह फ्लिपकार्ट में काम करता है। मंगलवार को वह बीएसएफ मुख्यालय के अंदर पार्सल देने आया था, लेकिन हेलमेट न होने के कारण उसे अंदर नहीं जाने दिया गया। इस पर बीएसएफ मुख्यालय से करीब 50 फीट दूर स्कूटी खड़ी कर अंदर चला गया। इसी दौरान स्कूटी में तेज धमाका हुआ। गुरप्रीत बीएसएफ से सेवानिवृत्त मुलाजिम कश्मीरा सिंह का बेटा है। स्कूटी भी कश्मीरा सिंह के नाम थी।
कश्मीरा सिंह का कहना है कि उनका 22 वर्षीय बेटा गुरप्रीत सिंह चार महीने पहले ही वह फ्लिपकार्ट में डिलीवरी के काम में लग गया है। वह अक्सर बीएसएफ वालों के पार्सल देने जाता है। मंगलवार रात बेटे ने फोन पर स्कूटी में धमाके के बाद आग लगने की बात बताई। उसने यह भी बताया कि उसने एक्टिवा पर किसी को सामान रख कर भागते हुए देखा। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने भी बताया कि एक्टिवा के पास एक बाइक सवार युवक को कुछ फेंकते देखा था। सामने आई धमाके की सीसीटीवी फुटेज में भी एक युवक दिखाई दे रहा है। पुलिस इसकी पहचान की कोशिश कर रही है।
सब्जी मंडी में काफी भीड़
धमाके के समय पास ही मौजूद सब्जी मंडी में उस समय काफी भीड़ थी। धमाके की तेज आवाज सुनते ही लोग अपनी जान बचाने के लिए भागे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना जबरदस्त था कि कई बाइक सवार गिर गए। कई वाहनों के शीशे तक टूट गए। बताया जा रहा है कि धमाके के बाद आग की लपटें 40 मीटर ऊपर तक पहुंचीं। स्कूटी सफेदे के पेड़ के नीचे खड़ी थी, जिससे आग की लपटों से पेड़ भी झुलस गए। आशंका जताई जा रही है कि स्कूटी में कोई विस्फोटक सामग्री हो सकती है, जिसके कारण इतना जोरदार धमाका हुआ। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अमृतसर में ग्रेनेड से हमला होने का संदेह
इधर रात लगभग 10: 50 बजे अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक खासा क्षेत्र में भी बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर जोरदार धमाका हुआ। एसएसपी सोहेल मीर कासिम ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि बाइक पर सवार दो नकाबपोशों ने विस्फोटक को हवा में उछालते हुए बीएसएफ हेडक्वार्टर की तरफ फेंका। दीवार के साथ लगते ही जोरदार धमाका हुआ।
धमाके से चारदीवारी पर सेना क्षेत्र को कवर करने के लिए लगाई गई टीन शेड ढह गईं। गेट नंबर 6 और 7 के बीच की दीवार को भी थोड़ा नुकसान हुआ है। धमाके की आवाज सुनते ही सैन्य अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। संदेह है कि ग्रेनेड से हमला किया गया है। आसपास के इलाकों में सर्च आपरेशन भी शुरू कर दिया गया है। पंजाब में पिछले 18 महीनों में करीब 16 थानों पर भी ग्रेनेड हमले हो चुके हैं।


