मनोरंजन डेस्क: रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की फिल्म ‘Ramayana’ रिलीज से पहले ही चर्चा में आ गई है। फिल्म की रिलीज 5 नवंबर 2026 को तय बताई जा रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। जानकारी के मुताबिक, 28 अक्टूबर की सुबह तक भारत में फिल्म के 2 लाख 62 हजार से ज्यादा टिकटों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। वहीं, विदेशों में भी 1 लाख 16 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। फिल्म के कुछ शो अभी से हाउसफुल हो गए हैं, जबकि IMAX स्क्रीन के टिकटों की मांग भी काफी ज्यादा बताई जा रही है।
Highlights:
इसे भी पढ़े: धनबाद बरमूड़ी खटाल वासियों के समर्थन में सांसद ढुलू महतो की महापंचायत, विरोधियों पर साधा निशाना
भारत में 14 करोड़ 7 लाख रुपये की हुई कमाई
एडवांस बुकिंग से अब तक फिल्म ने भारत में ब्लॉक सीटों समेत करीब 14 करोड़ 7 लाख रुपये की ग्रॉस कमाई की है। राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र सबसे आगे है, जहां से करीब 2 करोड़ 98 लाख रुपये की बुकिंग हुई है। इसके बाद दिल्ली-एनसीआर में 2 करोड़ 75 लाख रुपये और कर्नाटक में 2 करोड़ 35 लाख रुपये की एडवांस बुकिंग दर्ज की गई है। कर्नाटक में फिल्म को लेकर खास उत्साह की वजह यश भी हैं, जो इसमें रावण की भूमिका निभा रहे हैं।
विदेश में भी फिल्म को मिल रही अच्छी प्रतिक्रिया
विदेशों में भी ‘Ramayana’ को अच्छी प्रतिक्रिया मिलने की खबर है। नॉर्थ अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया में एडवांस बुकिंग 2.2 मिलियन डॉलर यानी करीब 21 करोड़ रुपये के पार पहुंचने का दावा किया गया है। फिल्म को 100 से ज्यादा देशों में रिलीज करने की तैयारी है। इसके दोनों पार्ट का कुल बजट करीब 4 हजार करोड़ रुपये बताया गया है। फिल्म के vfx पर भी काफी काम किया गया है, जिसे ऑस्कर जीत चुकी कंपनी DNEG ने तैयार किया है।
क्या रणबीर कपूर की ‘Animal’ का रिकार्ड तोड़ पाएगी ‘Ramayana’ ?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या ‘Ramayana’ रणबीर कपूर की फिल्म ‘Animal’ का रिकॉर्ड तोड़ पाएगी? ‘Animal’ ने रिलीज से पहले करीब 33 करोड़ 97 लाख रुपये की एडवांस बुकिंग की थी। वहीं, ‘Ramayana’ की टिकट बिक्री अभी जारी है और रिलीज से पहले इसमें और तेजी आने की उम्मीद है। हालांकि, फिल्म की रिलीज गुरुवार को है और यह दिवाली से ठीक पहले आ रही है, इसलिए पहले दिन त्योहार की छुट्टी का पूरा फायदा मिलने की संभावना नहीं है। फिल्म के पेड प्रीव्यू शो 4 नवंबर को रखे जाने की भी जानकारी दी गई है।
फिल्म ‘Ramayana’ की स्टारकास्ट
फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभाएंगे। फिल्म में अरुण गोविल, लारा दत्ता, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह और विवेक ओबेरॉय समेत कई कलाकार भी नजर आएंगे। ‘Ramayana’ दो भागों में रिलीज होगी। इसका पहला भाग 5 नवंबर 2026 को और दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज करने की योजना है। अब देखना होगा कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितनी बड़ी ओपनिंग करती है और क्या रणबीर कपूर की पिछली फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ पाती है।

