न्यूज डेस्क : दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों मौसम सुहावना हो गया है। लगातार हो रही बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है। सोमवार दोपहर को एक बार फिर तेज हवा के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई, जिससे कई इलाकों में दिन में ही अंधेरा सा छा गया। बारिश की वजह से सड़कों पर पानी भर गया और हाईवे पर गाड़ियों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। कई जगहों पर ड्राइवरों को दिन में ही गाड़ियों की लाइट जलाकर चलना पड़ा।
इसे भी पढ़ें : रांची में छात्रों के आंदोलन के दौरान प्रशासन की भूमिका को सीएम हेमंत सोरेन ने सराहा, छात्रों के लिए कही ये बात
पिछले 4-5 दिनों से दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। रविवार को भी कई इलाकों में अच्छी बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 5 दिनों तक हल्की बारिश जारी रह सकती है। इससे मौसम ठंडा और आरामदायक बना रहेगा। हाल ही में 5, 6 और 7 अगस्त को हुई तेज बारिश की वजह से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई थी, जिससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
आगे की बात करें तो 14 और 15 अगस्त को भी दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। 14 अगस्त को पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जबकि 15 अगस्त को उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की उम्मीद है। कुल मिलाकर, आने वाले कुछ दिन दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत भरे रहने वाले हैं।


