धनबाद: जिले के भवन प्रमंडल विभाग कार्यालय परिसर में करोड़ों रुपये के सरकारी टेंडर को लेकर विभिन्न गुटों के बीच जमकर मारपीट और हंगामा हुआ. देखते ही देखते ठेकेदारों और उनके समर्थकों के बीच की कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई, जिससे कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. सूत्रों के अनुसार, विभाग द्वारा करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए थे.
इसे भी पढ़ें : जल संरक्षण व सिंचाई क्षमता बढ़ाने के संकल्प के साथ JJM Summit में झारखंड ने पेश किया विकास का रोडमैप
प्रक्रिया के दौरान पेटी (कमीशन) और वर्चस्व को लेकर दो पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हुई, जो जल्द ही लात-घूंसों और मारपीट में बदल गई. घटना के वक्त कार्यालय में आम जनता के साथ-साथ कई विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे. घटना की सूचना मिलते ही धनबाद थाना पुलिस दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और मारपीट में शामिल कई उपद्रवियों को मौके से ही हिरासत में ले लिया. पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और कार्यालय में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि घटना में शामिल अन्य असामाजिक तत्वों की पहचान की जा सके.

