रांची : रांची विमेंस कॉलेज की दर्जनों छात्राओं ने गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के नेतृत्व में रांची विश्वविद्यालय मुख्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्राओं ने कॉलेज और विश्वविद्यालय प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाया और अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान करने की मांग की।
Highlights:
छात्राओं का आरोप
छात्राओं ने बताया कि नई शिक्षा नीति (NEP) के अनुसार उनका स्नातक कोर्स 4 साल का है, लेकिन कॉलेज के प्रोफेसर उन पर 3 साल में ही कोर्स समाप्त कर एग्जिट असाइनमेंट जमा कराने का दबाव बना रहे हैं। छात्राओं ने सवाल उठाया कि जब कोर्स 4 साल का है, तो हमें 3 साल में ही खत्म करने के लिए क्यों मजबूर किया जा रहा है?
एजुकेशनल ट्रिप फीस पर नाराजगी
विरोध कर रही छात्राओं ने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से कराई जाने वाली एजुकेशनल ट्रिप के लिए उनसे 20,000 रुपये अनिवार्य रूप से जमा कराए जा रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं ने कहा कि यह रकम देना उनके लिए मुश्किल है। एक छात्रा ने कहा कि एक तरफ कॉलेज 20,000 रुपये जमा करने को कह रहा है और दूसरी तरफ सरकारी छात्रवृत्ति भी अब तक नहीं मिली। हम पैसे कहां से लाएं?
रजिस्ट्रार ऑफिस में हंगामा
छात्राओं का आरोप है कि जब वे अपनी समस्याएं लेकर प्रिंसिपल के पास जाती हैं, तो उन्हें नजरअंदाज कर दिया जाता है और किसी भी मुद्दे पर स्पष्ट जवाब नहीं मिलता। इन्हीं समस्याओं के खिलाफ छात्राएं आज विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार ऑफिस पहुंचीं, जहां उन्होंने जमकर हंगामा किया।
Also Read : पलामू में मुर्दा से भी लिखवा लिया जमीन! अपर समाहर्ता ने जमाबंदी किया स्थगित
अब तक प्रशासन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं
घटना के बाद भी न तो कॉलेज और न ही विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
जैसे ही प्रशासन की प्रतिक्रिया सामने आएगी, उसे प्रकाशित किया जाएगा। छात्राओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द नहीं सुनी गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


