रांची: रातू थाना क्षेत्र के मुरगू गांव में बंद घर को निशाना बनाकर की गई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर चोरी गए जेवरात और अन्य सामान बरामद किए हैं। बता दें कि 11 मार्च को घर में ताला लगाकर घर का मालिक परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। उसी रात करीब 10:30 बजे जब वे घर लौटे तो घर के बाहर ताला लगा हुआ था और कुछ लोगों के भागने की आवाज सुनाई दी।
घर के अंदर जाकर देखा तो गोदरेज अलमारी टूटी हुई थी और घर का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में डीएसपी मुख्यालय) द्वितीय के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 15 मार्च 2026 को दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में दोनों युवकों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। करण कुमार , रमेश कुमार उर्फ रमेश को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों ने बताया कि 11 मार्च की रात उन्होंने गांव के रतन तिवारी के घर में घुसकर गोदरेज तोड़कर जेवरात चोरी किए थे और चोरी का सामान एक सुनसान जगह पर गड्ढा खोदकर जमीन में गाड़ दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर मुरगू गांव से कुछ दूरी पर चितरकोटा जाने वाले मार्ग में पुल के पास से चोरी किए गए जेवरात और अन्य सामान बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी करण कुमार के खिलाफ पहले भी रातू थाना कांड संख्या 400/25, दिनांक 18 नवंबर 2025 के तहत मामला दर्ज है। बरामद सामानों में सोने जैसे जेवरात के कई आभूषण, चांदी जैसे आभूषण तथा विभिन्न मूल्य के सिक्के शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

