धनबाद: दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और जिले में शांति-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर धनबाद जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। इसी कड़ी में शुक्रवार को उपायुक्त आदित्य रंजन के नेतृत्व में जिलेभर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस केंद्र से शुरू हुए इस फ्लैग मार्च में प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जवान भी शामिल हुए। अधिकारियों ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील इलाकों और पूजा पंडालों का जायजा लेकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
इसे भी पढ़ें : धनबाद में महासप्तमी पर निकला मां बेलभरनी का भव्य जुलूस, ढाक-नगाड़ों की थाप पर उमड़े श्रद्धालु
फ्लैग मार्च स्टील गेट, झारखंड मैदान, मनईटांड़, धनसार, झरिया, केंदुआडीह, लोयाबाद, सिजुआ, कतरास, तेतुलमारी, भूली, वासेपुर, नया बाजार और सिटी सेंटर समेत विभिन्न क्षेत्रों से गुजरा। फ्लैग मार्च में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, डीएसपी विधि-व्यवस्था प्रकाश सोय, बाघमारा एसडीपीओ अजीत बिमल, सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो, ट्रैफिक डीएसपी रोहित साव और सीसीआर डीएसपी प्रदीप साव समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान अधिकारियों ने पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। उपायुक्त आदित्य रंजन ने संबंधित अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। वहीं, यातायात पुलिस को प्रमुख मार्गों पर सतर्कता बरतने और जाम की समस्या से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और आपसी सौहार्द बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन और पुलिस की इस सक्रियता का उद्देश्य पूजा के दौरान आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना और त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है।

