रांची : खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र के तुड़ीगढ़ा में सोमवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि सोमवार रात एक बाइक पर सवार तीन युवक जब रनिया के साप्ताहिक सोमवार बाजार से लौट रहे थे तो इस दौरान एक अनियंत्रित ट्रक ने तुड़ीगढ़ा गांव के पास बाइक सवार इन युवकों को टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया. इस घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई है. स्थानीय लोगों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से तीनों युवकों के शव बरामद किए.
बताया जा रहा है कि मृतक तीन युवकों में से दो खूंटी जिला के मारांगहादा और खूंटी थाना क्षेत्र के जबकि एक अन्य पश्चिमी सिंहभूम जिला के गुदड़ी थाना क्षेत्र का रहने वाला था और तीनों एक ही बाइक से रनिया मुख्यालय स्थित साप्ताहिक सोमवार बाजार आए हुए थे. बाजार से लौटने के क्रम में यह घटना हुई, जिसमें तीनों की मौत हो गई. घटना की पुष्टि रनिया के थाना प्रभारी श्यामल शुभंकर ने की है.
रनिया थाना प्रभारी के मुताबिक 25 वर्षीय मृतक सनिका मुंडा खूंटी थाना क्षेत्र के लटरगंज का रहने वाला था जबकि 24 वर्षीय तुरी हस्सा मारांगहादा थाना क्षेत्र के रोलाडीह का रहने वाला था। एक अन्य मृतक की पहचान मानू बरजो के रूप में हुई है ,जो 26 साल का है और पश्चिमी सिंहभूम के गुदड़ी थाना क्षेत्र के बुरु गांव का रहने वाला है. इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281,106 और MV एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

