रांची: झारखंड में अलग-अलग अधिसूचना जारी कर कार्मिक विभाग ने जेएसएससी सीजीएल और जेपीएससी की 21 परीक्षाओं को रद्द करने का मामला अब झारखंड हाईकोर्ट में पहुंच चुका है. इस संबंध में दायर अलग अलग याचिकाओं पर झारखंड हाईकोर्ट में दूसरी पाली में सुनवाई होगी. सेवामुक्त हुए सचिवालयकर्मियों के अलावा 11वीं से 13वीं सिविल सेवा परीक्षा में चयनित डिप्टी कलेक्टर सोनम कुमारी ने भी मामले में जारी अधिसूचना को झारखंड हाईकोर्ट में चुनौती दी है. इस याचिका पर भी आज सुनवाई होने वाली है.
इसे भी पढ़ें : नियुक्तियां रद्द होने से 200 अफसरों की ट्रेनिंग रूकी, श्रावणी मेले में ड्यूटी से 63 अफसर हटे, हाईकोर्ट से जल्द सुनवाई का आग्रह
बताया जा रहा है कि नियुक्तियां रद्द करने की कार्मिक विभाग की अधिसूचना के खिलाफ अब तक चार याचिकाएं दायर हो चुकी है. याचिका दायर करने वालों में अवधेश कुमार, सौरभ सिंह, दीपमाला और सोनम कुमारी शामिल हैं. सुनवाई के दौरान इन याचिकाओं पर हाईकोर्ट के अधिवक्ता इंद्रजीत सिन्हा पीयूष चित्रेश और अमृतांश वत्स पक्ष रखेंगे. वहीं दूसरी तरफ सरकार के फैसले से प्रभावित दर्जनों अन्य भी हाईकोर्ट का शरण लेने की तैयारी में हैं, जिनकी नौकरी अचानक चली गई है.

