Desk :फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास लेने का फैसला किया है. 41 साल के रोनाल्डो ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि नवंबर के इंटरनेशनल ब्रेक के बाद वह पुर्तगाल की टीम को अपनी नंबर-7 जर्सी वापस कर देंगे.
Highlights:
रोनाल्डो ने कहा कि अब राष्ट्रीय टीम के लिए खेलने का उनका सफर खत्म हो रहा है. उन्हें गर्व है कि उन्होंने इतने साल तक अपने देश के लिए फुटबॉल खेला और पुर्तगाल को अपना सब कुछ दिया.
18 साल की उम्र में शुरू हुआ था सफर
रोनाल्डो ने 20 अगस्त 2003 को कजाकिस्तान के खिलाफ पुर्तगाल के लिए अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेला था. उस समय उनकी उम्र सिर्फ 18 साल थी. इसके बाद अगले 23 साल तक वह पुर्तगाल की टीम का अहम हिस्सा बने रहे.
अपने इंटरनेशनल करियर में उन्होंने कुल 234 मैच खेले और 146 गोल किए. इसके अलावा उनके नाम 46 असिस्ट भी हैं. यानी उन्होंने 46 बार अपने साथी खिलाड़ी को ऐसा पास दिया, जिससे गोल हुआ.
Portugal estará sempre em mim https://t.co/dnFj51rxmh
— Cristiano Ronaldo (@Cristiano) November 5, 2026
रोनाल्डो ने अपने वीडियो में कहा कि जब वह अपने करियर को याद करते हैं तो उन्हें सिर्फ गोल, रिकॉर्ड और ट्रॉफियां याद नहीं आतीं.उन्हें वे लोग भी याद आते हैं, जिन्होंने इस पूरे सफर को खास बनाया.
लगातार 6 वर्ल्ड कप खेलने वाले पहले खिलाड़ी बने
रोनाल्डो ने 2006 में जर्मनी में पहली बार फीफा वर्ल्ड कप खेला था. इसके बाद वह 2010, 2014, 2018, 2022 और 2026 के वर्ल्ड कप में भी पुर्तगाल की टीम का हिस्सा रहे. इस तरह उन्होंने लगातार 6 वर्ल्ड कप खेले. वह दुनिया के पहले ऐसे खिलाड़ी भी बने, जिन्होंने 6 अलग-अलग वर्ल्ड कप में गोल किया.
वर्ल्ड कप में रोनाल्डो ने कुल 27 मैच खेले और 11 गोल किए. 2026 में उज्बेकिस्तान के खिलाफ गोल करके उन्होंने यह खास रिकॉर्ड बनाया था.हालांकि, इतना शानदार करियर होने के बाद भी रोनाल्डो वर्ल्ड कप ट्रॉफी नहीं जीत सके. पुर्तगाल का सबसे अच्छा प्रदर्शन 2006 में रहा था. उस समय टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी और चौथे स्थान पर रही थी.
पुर्तगाल को दिलाए कई बड़े खिताब
रोनाल्डो के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में 2016 का यूरो कप खिताब शामिल है. पुर्तगाल ने फाइनल में फ्रांस को 1-0 से हराकर पहली बार यह ट्रॉफी जीती थी. इसके अलावा रोनाल्डो की कप्तानी में पुर्तगाल ने 2019 और 2025 में UEFA नेशंस लीग का खिताब भी अपने नाम किया.इन जीतों के साथ रोनाल्डो ने पुर्तगाल को फुटबॉल की दुनिया में एक मजबूत टीम बनाने में बड़ी भूमिका निभाई.
क्लब फुटबॉल खेलते रहेंगे रोनाल्डो
इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास लेने के बाद भी रोनाल्डो का फुटबॉल करियर खत्म नहीं होगा.वह सऊदी अरब के क्लब अल-नस्र के लिए खेलते रहेंगे.उन्होंने जुलाई में ही कहा था कि 2026 का वर्ल्ड कप उनके करियर का आखिरी वर्ल्ड कप होगा.रोनाल्डो के इस फैसले से कुछ हफ्ते पहले पुर्तगाल की टीम में विवाद की खबरें भी सामने आई थीं. बताया गया था कि सितंबर में वह ट्रेनिंग कैंप छोड़कर चले गए थे.
इसकी वजह कोच जॉर्ज जीसस के साथ खेलने के समय को लेकर मतभेद बताया गया था.रोनाल्डो को नॉर्वे के खिलाफ मैच में खेलने का भरोसा दिया गया था, लेकिन उन्हें पूरे मैच में बेंच पर बैठना पड़ा. इसके बाद डेनमार्क के खिलाफ शुरुआती टीम में जगह नहीं मिलने की बात भी सामने आई थी.अब 23 साल तक पुर्तगाल की जर्सी पहनने के बाद रोनाल्डो राष्ट्रीय टीम को अलविदा कह रहे हैं. उनके नाम दर्ज रिकॉर्ड और देश के लिए जीते गए खिताब हमेशा याद किए जाएंगे.

