मनोरंजन : साउथ और बॉलीवुड सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु और मशहूर निर्देशक-निर्माता राज निदिमोरु की शादी को लेकर सोशल मीडिया और एंटरटेनमेंट जगत में हलचल मची है। दोनों ने 1 दिसंबर 2025 यानी आज की सुबह कोयम्बटूर के ईशा योग सेंटर में गुपचुप तरीके से विवाह किया। सामंथा रुथप्रभू ने अपनी शादी की तस्वीरें पोस्ट कर आधिकारिक पुष्टी कर दी है।
Highlights:
30 मेहमान ही रहे शामिल

शादी का आयोजन बेहद निजी स्तर पर किया गया। समारोह ईशा योग सेंटर के लिंग भैरवी मंदिर में हुई है। दोनों पक्षों के परिवार और करीबी दोस्त मिलाकर लगभग 30 लोग ही उपस्थित थे, ताकि कोई मीडिया कवरेज या बाहरी दखल न हो सके। शादी का समय सुबह का बताया जा रहा है, ताकि केंद्र में आने-जाने वाले लोगों की भीड़ के बीच कोई अतिरिक्त ध्यान न जाए। सामंथा ने विवाह के दौरान लाल रेशमी साड़ी पहनी थी, जबकि राज साधारण पारंपरिक परिधान में नजर आए।
राज निदिमोरु की पूर्व पत्नी की पोस्ट से चर्चा तेज

शादी की खबरों को हवा तब मिली, जब राज निदिमोरु की पूर्व पत्नी श्यामली डे ने अपने इंस्टाग्राम पर शनिवार रात एक स्टोरी पोस्ट की। इसमें उन्होंने लिखा, “Desperate people do desperate things” (हताश लोग हताश करने वाले काम करते हैं)। उनकी यह पोस्ट वायरल होते ही यह अटकलें तेज हो गईं कि पोस्ट सामंथा और राज की शादी से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, श्यामली डे ने सीधे तौर पर कोई नाम नहीं लिया। श्यामली और राज के बीच तलाक की प्रक्रिया पिछले साल पूरी हुई थी, और तब से दोनों अलग-अलग रह रहे हैं।

2024 से ही दोनों की नजदीकियों की चर्चा
सामंथा और राज निदिमोरु के बीच नजदीकियों की खबरें नई नहीं हैं। राज निदिमोरु, DK के साथ फिल्म फैमिली मैन फ्रेंचाइज़ के निर्माता हैं, जिसकी दूसरी सीज़न में सामंथा ने मुख्य भूमिका निभाई थी। सीरीज़ की सफलता के बाद से दोनों का पेशेवर संपर्क बढ़ा, लेकिन 2024 के बाद सोशल मीडिया और इंडस्ट्री में यह चर्चाएं तेज हो गईं कि दोनों अक्सर निजी तौर पर भी साथ देखे जा रहे हैं। इसी बीच सामंथा ने अपने फॉलोअर्स से कहा था कि वह रिश्तों और निजी जीवन पर मीडिया के अनावश्यक हस्तक्षेप से परेशान हैं। उसी समय से दोनों के रिश्ते को लेकर लगातार सुर्खियां बनती रहीं।

सामंथा की पहली शादी और तलाक
सामंथा की इससे पहले अभिनेता नागा चैतन्य के साथ शादी हुई थी। दोनों ने अक्टूबर 2021 में तलाक ले लिया था। उनकी यह शादी दक्षिण भारत की सबसे चर्चित शादियों में से एक थी। तलाक के बाद सामंथा लंबे समय तक मानसिक तनाव और ऑटोइम्यून बीमारी मायोज़ाइटिस से जूझती रहीं। उनकी हेल्थ जर्नी को लेकर फैंस लगातार उनके साथ खड़े रहे।

ईशा योग सेंटर में ही शादी क्यों
ईशा योग सेंटर सेलिब्रिटी और बिजनेस वर्ल्ड के लोगों के बीच लोकप्रिय स्थान है। यहां शांति, आध्यात्मिकता और निजी कार्यक्रमों के लिए अनुकूल माहौल होने के कारण कई सितारे यहां विशेष समारोह आयोजित करते हैं। सामंथा स्वयं योग और मेडिटेशन से जुड़ी गतिविधियों में काफी सक्रिय रही हैं। इसलिए यह जगह उनके लिए भावनात्मक रूप से भी खास मानी जा रही है।


