मनोरंज : बॉलीवुड सिंगर ज़ुबिन गर्ग की मौत के मामले में सिंगापुर पुलिस ने घटना के लगभग एक महीने बाद शुक्रवार को एक बयान जारी किया है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस मामले में अटकलें न लगाएं. सिंगापुर पुलिस ने कहा, “सिंगापुर पुलिस फ़ोर्स (एसपीएफ़) को ज़ुबिन गर्ग के निधन की परिस्थितियों को लेकर ऑनलाइन फ़ैलाई जा रही अटकलों और झूठी सूचनाओं की जानकारी है.एसपीएफ़ इस मामले की जांच कर रही है. शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को किसी गड़बड़ी का शक नहीं है.”
पुलिस ने कहा है कि उनकी जांच पूरी होने में लगभग तीन महीने लग सकते हैं. इसके बाद जांच रिपोर्ट एक न्यायिक अधिकारी के सामने पेश की जाएगी, जो कि ये तय करेंगे कि इस मामले में आगे की जांच जाए या नहीं. सिंगापुर पुलिस ने बताया कि ज़ुबिन गर्ग के शव के पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की एक कॉपी और शुरुआती जांच के नतीजे भारतीय उच्चायोग की अपील पर 1 अक्तूबर उन्हें सौंपे गए.
परिवार से मिले राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शुक्रवार को असम पहुंचे. यहां उन्होंने सिंगर जुबिन गर्ग को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार से मिले. इसके बाद राहुल गांधी ने मीडिया से बात की. राहुल गांधी ने कहा, “मैंने उनके परिवार से मुलाक़ात की और उन्होंने सिर्फ़ एक बात कही कि हमने अपने ज़ुबिन को खो दिया और हम चाहते हैं कि सच्चाई सामने आए. लोग जानना चाहते हैं कि क्या हुआ था. यह सरकार का कर्तव्य है कि वह पारदर्शी तरीके से जांच करे और परिवार को बताए कि असल में क्या हुआ था.”
राहुल गांधी ने कहा कि वो और उनकी पार्टी ज़ुबिन के परिवार के साथ हैं. उन्होंने कहा, “मैं असम के लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने ज़ुबिन गर्ग को खो दिया है. मैं इस दुःख की घड़ी में उनके साथ हूं.”
मामले में अब तक क्या
जुबिन गर्ग की 19 सितंबर को सिंगापुर में कथित तौर पर पानी में डूबने से मौत हो गई थी. जुबिन नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने सिंगापुर गए थे. लेकिन उनके कार्यक्रम से एक दिन पहले ही उनका निधन हो गया. इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ़्तार किया जा चुका है.


