नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी ने दावा किया है कि अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. सीजेपी ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि इन्हें शनिवार को दिल्ली में विमान से ही डिटेन कर लिया गया. दरअसल, सीजेपी के तीनों नेता मुंबई से रवाना होकर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे थे, तभी अभिजीत दीपके सोशल मीडिया पर लाइव आए और उनको हिरासत में ले लिया गया.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : AIIMS Deoghar Convocation: आज होने वाले समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, पहुंचे देवघर
सीजेपी ने दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई को ‘तानाशाहीपूर्ण’ बताते हुए तीनों नेताओं की तत्काल और बिना किसी शर्त के रिहाई की मांग की है. सीजेपी ने कहा, “यह कार्रवाई लोगों की आवाजाही की स्वतंत्रता का खुला उल्लंघन है.” इससे पहले जाने-माने यूट्यूबर ध्रुव राठी और सीजेपी की लीगल अफ़ेयर्स हेड रत्ना सिंह को भी पुलिस ने हिरासत में लेने की बात सामने आई.
हिरासत में लेने पर दीपके ने कहा
इस दौरान अभिजीत दीपके ने कहा कि वो गिरफ़्तारी से नहीं डरते हैं और इसके लिए तैयार हैं. दीपके ने कहा, “आप देख सकते हैं कि देश किस दिशा में जा रहा है. हमें फ़्लाइट में ही हिरासत में लिया जा रहा है, ऐसा तो कभी इंदिरा गांधी ने भी नहीं किया था. यह तानाशाही है, लेकिन हम इनसे डरते नहीं हैं.”
अभिजीत दीपके ने उन्हें हिरासत में लेने आए पुलिसकर्मियों से कहा, “मैं आपसे डरता नहीं हूं, हम गिरफ़्तारी के लिए तैयार हैं.” अभिजीत, सौरव और आशुतोष को हिरासत में लेने के लिए महिला पुलिसकर्मी आगे आई थीं. इस पर दीपके और उनके साथियों ने पुरुष पुलिसकर्मियों को भेजने की मांग की.

