रांची : झारखंड की राजधानी रांची में दुर्गा पूजा के त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए रांची पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गई है. त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने और आम जनता के बीच सुरक्षा की भावना पैदा करने के उद्देश्य से पुलिस बल ने आज शहर के विभिन्न व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने सीएम हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर DGP को हटाने की मांग की, आंदोलन की भी दी चेतावनी
वरीय अधिकारी फ्लैग मार्च में मौजूद

इस फ्लैग मार्च का नेतृत्व जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों ने किया, जिसमें एसडीएम, एडीएम, सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी, ग्रामीण एसपी, एएसपी कोतवाली और सिटी डीएसपी मौजूद थे। जिसमें भारी संख्या में पुलिस के जवान, क्विक रिस्पांस टीम और मोटरसाइकिल सवार रांची पुलिस के गश्ती दल शामिल थे.
पुलिस का यह दस्ता अल्बर्ट एक्का चौक, मेन रोड और प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा. फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और स्थानीय लोगों व पूजा समितियों से संवाद कर शांति बनाए रखने की अपील की.
पुलिस जवानों की अतिरिक्त तैनाती

दुर्गा पूजा के दौरान कानून व्यवस्था को लेकर असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी. भीड़भाड़ वाले इलाकों और सभी प्रमुख पूजा पंडालों के पास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. इसके साथ ही, सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए सादे लिबास में भी महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों को तैनात किया जा रहा है, जो मनचलों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे.
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की भ्रामक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली अफवाहों को फैलने से रोका जा सके. रांची पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे बिना किसी डर के त्योहार का आनंद लें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति को देखने पर तुरंत पुलिस स्टेशन या कंट्रोल रूम को सूचित करें.

