रांची : झारखंड के विभिन्न जिलों में बच्चा चोरी की अफवाहों ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को जामताड़ा, रामगढ़ और गिरिडीह में अफवाह के कारण ग्रामीणों द्वारा संदिग्ध समझकर लोगों के साथ मारपीट और पकड़ने की घटनाएं सामने आईं।
जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बस्ती मोहल्ला में बच्चा चोरी की अफवाह के बीच ग्रामीणों ने एक युवक लाडला शेख को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। बताया गया कि युवक के मोहल्ले में पहुंचने पर ग्रामीणों को उस पर संदेह हुआ और पूछताछ के लिए बुलाया गया। इसी दौरान युवक भागने लगा, जिससे ग्रामीणों का शक और गहरा गया। इसके बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से बचाकर थाना ले गई।
वहीं रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र के टेरपा गांव में बच्चा चोर समझकर ग्रामीणों ने एक अधेड़ महिला के साथ मारपीट कर दी। लपड़-थप्पड़ के दौरान महिला गिर गई, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पतरातू पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इधर गिरिडीह जिले के घोड़थम्भा ओपी क्षेत्र अंतर्गत सह पंचायत अरखांगो गांव में भी बच्चा चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया। युवक बजरंगबली मंदिर के समीप संदिग्ध अवस्था में घूम रहा था, जिससे ग्रामीणों को उस पर शक हुआ। एहतियात के तौर पर ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं को लेकर पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


