गोपालगंज: बिहार का गोपालगंज जिला पिछले 24 घंटों में दो रूहानी कपा देने वाली वारदातों से दहल उठा है। ताजा मामले में, घर के बाहर खेल रही मात्र डेढ़ साल की दुधमुंही बच्ची से दुष्कर्म की घटना हुई है। जानकारी के अनुसार बच्ची घर के पास खेल रही थी, इस दौरान उसे आरोपी उठाकर ले गया और इंसानियत को शर्मशार करने वाली घटना को अंजाम दिया।
Highlights:
घर के बाहर खेलती बच्ची को उठाकर दुष्कर्म
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सोमवार शाम को डेढ़ साल की मासूम बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। उसी दौरान पड़ोस में रहने वाले मोहम्मद शारिक नाम का युवक उसे उठाकर अपने कमरे में ले गया और दुष्कर्म किया। जब बच्ची के शरीर से बहुत ज्यादा खून बहने लगा तो आरोपी उसे घर के छोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था। उसी दौरान बच्ची की मां की नजर उस पर पड़ गई। मां के शोर मचाने पर स्थानीय लोग वहां इकट्ठा हो गए और उन्होंने भागते हुए आरोपी को पकड़कर जमकर धुनाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं मासूम बच्ची को लहूलुहान हालत में सदर अस्पताल ले जाया गया। जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना के PMCH रेफर किया गया है। अस्पताल के आईसीयू में डॉक्टरों की टीम बच्ची का इलाज कर रही है।
यूपी के बिजनौर का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी शारिक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला है और गोपालगंज में एक मोटरसाइकिल गैरेज में पेंटिंग का काम करता था। बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए गोपालगंज के डॉक्टरों ने उसे पटना के PMCH रेफर कर दिया है, जहां आईसीयू में बच्ची का इलाज किया जा रहा है।
24 घंटे में दूसरी बड़ी वारदात
गोपालगंज में कानून-व्यवस्था पर सवाल इसलिए उठ रहे हैं क्योंकि 24 घंटे के भीतर यह बलात्कार की दूसरी घटना है।
दरअसल, रविवार, 25 जनवरी को नगर थाना क्षेत्र में ही एक अन्य लड़की को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किया गया था। पीड़िता के बयान पर दो युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जो फिलहाल फरार हैं।
पुलिस का दावा: 7 दिनों में होगा न्याय
इन घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में है। सदर एसडीपीओ प्रांजल त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस मामले की त्वरित जांच कर रही है और एफएसएल (FSL) की टीम ने साक्ष्य जुटा लिए हैं। सदर एसडीपीओ ने कहा कि “हम इस मामले का निष्पादन त्वरित गति से करेंगे। सात दिनों के भीतर जांच पूरी कर ली जाएगी। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।” वहीं एसपी विनय तिवारी ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि इन मामलों में स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
खबरें और भी: पलामू में दरोगा को पत्नी के साथ रील बनाना पड़ा महंगा, वायरल होने पर SP ने बिठाई जांच
पति से अलग बच्ची को पाल रही मां
बच्ची की मां की कहानी भी संघर्षों से भरी है। वह अपने पति से अलग रहती है और फिनायल बनाने वाली एक फैक्ट्री में मजदूरी करके बच्ची का पालन-पोषण करती है। करीब छह महीने पहले ही वह गोपालगंज के इस इलाके में किराए के मकान में रहने आई थी। बच्ची से रेप की घटना के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी के घर में तोड़फोड़ की. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया।
तेजस्वी का नीतीश सरकार पर निशाना
बिहार में अपराधों को लेकर विपक्ष ने नीतीश कुमार सरकार पर निशाना साधा है. गोपालगंज की घटना पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक्स पर लिखा, “NDA राज में बिहार की बच्चियां एकदम असुरक्षित हैं. समूचे बिहार के लिए ये “आपातकालीन परिस्थिति” है. सत्ता संरक्षित प्रतिदिन होने वाली ये आपराधिक घटनाएं असहनीय, पीड़ादायक, डरावनी और सिहरन पैदा करने वाली हैं.”
बिहार में लगातार हो रही हैवानियत की ऐसी घटनाएं न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती हैं, बल्कि सामाजिक नैतिकता के पतन को भी दर्शाती हैं। उम्मीद है कि प्रशासन अपने वादे के मुताबिक सात दिनों के भीतर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगा ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके।


