चाईबासा: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस और प्रशासन को खुली चुनौती दी है। आनंदपुर थाना क्षेत्र के रोबोकेरा गांव में बीती रात राहुल सिंह गैंग के गुर्गों ने सड़क निर्माण कार्य में लगी वैष्णवी कंपनी के साइट कैंप पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने न केवल साइट पर जमकर आगजनी की, बल्कि दहशत फैलाने के उद्देश्य से ताबड़तोड़ फायरिंग भी की।
Highlights:
मैनेजमेंट के नाम पर अंतिम चेतावनी
इस घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हमले के तुरंत बाद राहुल सिंह गैंग ने सोशल मीडिया और प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी पूरी जिम्मेदारी ली है। गैंग ने स्पष्ट शब्दों में इसे ‘अंतिम चेतावनी’ करार दिया है। संगठन ने सीधे तौर पर वैष्णवी कंपनी के संचालक नीरज सिंह को निशाने पर लेते हुए कहा कि यह हमला सिर्फ ट्रेलर है।

जारी की गई विज्ञप्ति में गैंग ने खौफनाक लहजे में अपनी शर्तें रखी हैं। गैंग का कहना है कि निर्माण कार्य उनकी शर्तों के अनुसार “मैनेज” होना चाहिए। साथ ही संगठन ने कहा कि इस बार केवल मशीनों और कैंप को नुकसान पहुंचाया गया है, लेकिन यदि उनकी बात नहीं मानी गई, तो अगला निशाना स्वयं कंपनी के मालिक होंगे।
निर्माण कार्य पर लगा ब्रेक
देर रात हुई इस आगजनी और गोलीबारी के बाद साइट पर काम कर रहे मजदूरों और कर्मचारियों में भारी दहशत है। वर्तमान में रोबोकेरा गांव में चल रहा सड़क निर्माण कार्य पूरी तरह से ठप हो गया है। मशीनों को हुए नुकसान और जान के खतरे को देखते हुए कंपनी प्रबंधन डरा हुआ है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही आनंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को मौके से खोखे और आगजनी के साक्ष्य मिले हैं। इसके साथ ही इलाके में पुलिस गश्ती बढ़ा दी गई है और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। वहीं पुलिस राहुल सिंह गैंग के नेटवर्क और सोशल मीडिया पोस्ट के आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रैक करने की कोशिश कर रही है।


