रांची : राजधानी के लालपुर स्थित लूप बार में रविवार देर रात पुलिस ने छापेमारी कर पूरे बार परिसर को खंगाला. दरअसल पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ कुख्यात अपराधी वहां जमा होने वाले हैं और किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं. इस सूचना के बाद एक्शन में आई रांची पुलिस ने एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर बार की घेराबंदी कर वहां कई घंटों तक सर्च अभियान चलाया.
सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में पहुंची कई थानों की पुलिस ने बार के अंदर मौजूद लोगों व कर्मचारियों सभी की सघन तलाशी ली. साथ ही संदिग्धों की पहचान के लिए उनके पहचान पत्र जांचने के साथ-साथ पुलिस के डेटाबेस से उनके रिकॉर्ड्स का मिलान भी किया गया. लालपुर, सदर, कोतवाली और लोअर बाजार समेत कई थानों की टीमें काफी देर तक मौके पर मौजूद रही और बार के चप्पे-चप्पे, वीआईपी केबिन और पार्किंग एरिया की बारीकी से तलाशी ली, ताकि मौके से किसी भी प्रकार के कोई हथियार या प्रतिबंधित सामग्री बरामद की जा सके.

