पटना : जहानाबाद की NEET छात्रा की पटना स्थित गर्ल्स हॉस्टल में हुई संदिग्ध मौत के मामले में जांच तेज हो गई है। इस बीच मृतका के पैतृक घर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर घर के बाहर चार सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं और दो पुलिस जवानों की 24 घंटे के लिए तैनाती की है।
Highlights:
दरअसल, छात्रा की मौत के बाद उसके गांव में माहौल तनावपूर्ण हो गया था। परिवार के दो सदस्यों को दो अलग-अलग बार धमकी भरे पर्चे मिले। इन पर्चों के बाद परिजन खुद को असुरक्षित महसूस करने लगे। मामले को गंभीर मानते हुए परिवार ने सबसे पहले शकूराबाद थाने में लिखित शिकायत दी। बाद में सीबीआई को भी इस बारे में जानकारी दी गई, ताकि जांच में इस एंगल को भी शामिल किया जा सके।
18 फरवरी को एफएसएल की टीम गांव पहुंची और घर की बारीकी से जांच की। टीम ने खास तौर पर रसोई की खिड़की और घर के अन्य हिस्सों का निरीक्षण किया। आसपास के क्षेत्र की भी जांच की गई, ताकि किसी बाहरी गतिविधि के संकेत मिल सकें। गुरुवार रात परिजनों ने खुद पहल कर घर के सामने चार सीसीटीवी कैमरे लगवाए। अब घर के आसपास आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है।
जांच करने तीसरी बार पहुंची सीबीआई
इधर सीबीआई भी इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। धमकी भरे पर्चों की भी अलग से पड़ताल की जा रही है।CBI की टीम गुरुवार को तीसरी बार जहानाबाद पहुंची जहां छात्रा के मामा से लंबी पूछताछ की। टीम ने छात्रा के मामा के साथ ही उनके परिवार से भी लंबी पूछताछ की। बताया जा रहा है कि जहानाबाद पहुंची 5 सदस्यीय टीम में महिला इंस्पेक्टर भी शामिल थी। टीम गुरुवार को जहानाबाद में छात्रा के घर के बजाय उसके मामा के घर पहुंची थी और पूछताछ की। मिली जानकारी के अनुसार CBI की टीम ने छात्रा के मामा को बुधवार को पटना बुलाई थी लेकिन वे नहीं पहुंचे.
पूर्व में दो बार पहुंची थी CBI
इससे पहले भी दो बार CBI की टीम जहानाबाद पहुंच चुकी है जिसमें पहले दिन छात्रा के माता पिता और भाई से पूछताछ की थी तो दूसरे दिन छात्रा के भाई का मोबाइल जब्त करने पहुंची थी। बताया जा रहा है कि केस अपने हाथ में लेने के बाद CBI की 20 सदस्यीय टीम पहली बार 15 फरवरी को जहानाबाद पहुंची थी जिसमें परिवार के सभी सदस्यों से पूछताछ की थी और फिर दुबारा 17 फरवरी को पहुंची और इस दिन टीम ने छात्रा के भाई के साथ मखदुमपुर बाजार से उसका मोबाइल लिया और पूछताछ भी की थी।

