कोलकाता : पश्चिम बंगाल की सिंगूर रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की टीएमसी सरकार पर निशाना साधा है. पीएम मोदी ने इस रैली में जुटे लोगों का ज़िक्र करते हुए कहा, “मैं देख रहा हूं बहुत बड़ी संख्या में माताएं-बहनें आशीर्वाद देने आई हैं. किसान आए हैं, श्रमिक आए हैं और नौजवानों का जोश तो हम सब देख रहे हैं. सभी एक ही भाव से एक ही आस लेकर आए हैं कि हमें असली परिवर्तन चाहिए. हर कोई 15 साल के महाजंगलराज को बदलना चाहता है.”
Highlights:
टीएमसी का महाजंगलराज
पीएम मोदी ने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत का ज़िक्र करते हुए कहा, “अभी तो बीजेपी-एनडीए ने बिहार में जंगलराज को एक बार फिर से रोका है. अब पश्चिम बंगाल भी टीएमसी के महाजंगलराज को विदा करने के लिए तैयार है.” मोदी ने कहा कि बंगाल का सामर्थ्य बहुत बड़ा है, यहां बहुत बड़ी-बड़ी नदिया हैं, बहुत बड़े समुद्र तट हैं, उपजाऊ जमीन है। बंगाल के हर जिले में कुछ न कुछ खास है। भाजपा हर जिले की इस ताकत को और ज्यादा बढ़ाएगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भाजपा की सरकार बनने पर बंगाल में उद्योग का फिर से विकास होगा।
उद्योग, रोजगार व घुसपैठ का मुद्दा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उद्योग, रोजगार व घुसपैठ के मुद्दे को केंद्र में रखते हुए ममता सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बंगाल से टीएससी के महाजंगलराज का जाना और भाजपा के सुशासन का आना बहुत जरूरी है। विधानसभा चुनाव से पहले बंगाल दौरे के दूसरे दिन हुगली जिले के सिंगुर में भाजपा की परिवर्तन संकल्प रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि देश में जो भी सरकारें विकास और गरीब कल्याण के कार्यों में रुकावट डालती हैं, उन्हें लगातार सजा मिलती रही है।
विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास
जनसभा से पहले पीएम ने वहां प्रशासनिक कार्यक्रम में लगभग 830 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इसमें रेलवे, बंदरगाह व पोत परिवहन से जुड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाएं शामिल हैं। इस दौरान पीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से तीन नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिनमें हावड़ा- आनंद बिहार टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस, सियालदह- बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस और संतरागाछी- तांबरम अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन शामिल हैं।
सिंगुर से एक दिन पहले पीएम मोदी ने शनिवार को मालदा जिले में 3,250 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न रेल एवं सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखीं तथा कई परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। पीएम ने मालदा से हावड़ा-गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच देश की पहली वंदे भारत स्लीपर सहित चार नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई थी।


