नई दिल्ली: लोकसभा की कार्यवाही आज भी हंगामे की भेंट चढ़ते नजर आ रही है. लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस समेत विपक्ष के सांसदों ने हंगामा शुरू कर दिया. कांग्रेस सांसद मांग कर रहे हैं कि लोकसभा में राहुल गांधी को बोलने दिया जाए. इसके बाद ही वे सदन की कार्यवाही को चलने देंगे. हालांकि, स्पीकर ओम बिरला इसके पक्ष में नहीं हैं, क्योंकि यह नियमों के खिलाफ है.
Highlights:
ओम बिरला ने कहा कि सदन की कार्यवाही नियमों से चलती है और वैसे ही चलेगी. इस बीच सूत्रों के हवाले से खबर है कि विपक्ष लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा है. अगर ऐसा होता है, तो बजट सत्र के आने वाले दिन भी हंगामे भरे रह सकते हैं.
स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव
विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही सोमवार को शुरू होने के पांच मिनट बाद ही दोपहर बारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. इस बीच सूत्रों के हवाले से खबर है कि विपक्ष लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा है.
विपक्ष राहुल गांधी को बोलने देने की मांग कर रहा है, लेकिन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि प्रश्नकाल को पूरा हो जाने दीजिए. फिर नियम कानून के तहत चर्चा होगी. सदन की कार्यवाही आपसी सहमति और चर्चा से चलती है. लेकिन जब कांग्रेस सांसद नारे लगाते हुए वेल में आ गए, तो सदन की कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया.


