पटना : भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे और बिहार के 14 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को आज देश का प्रतिष्ठित प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्रदान किया गया। राष्ट्रपति भवन में आयोजित सम्मान समारोह में द्रौपदी मुर्मू ने वैभव को यह सम्मान दिया। कम उम्र में क्रिकेट जगत में अपनी अलग पहचान बनाने वाले वैभव की इस उपलब्धि से पूरे देश में खुशी का माहौल है। सम्मान प्रदान करने के बाद अपने संबोधन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा और मेहनत की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वैभव ने कड़ी प्रतिस्पर्धा और प्रतिभाओं से भरे क्रिकेट जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि वैभव जैसे प्रतिभाशाली बच्चे भविष्य में भी देश का नाम रोशन करते रहेंगे। राष्ट्रपति ने कहा कि यह तो सिर्फ शुरुआत है और वैभव को देखकर दूसरे बच्चे भी प्रेरणा लेंगे और आगे बढ़ने की कोशिश करेंगे।
Highlights:

प्रधानमंत्री से भी करेंगे मुलाकात
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार मिलने के बाद वैभव सूर्यवंशी की मुलाकात जल्द ही नरेंद्र मोदी से भी होने वाली है। यह मुलाकात वैभव के लिए खास मानी जा रही है, क्योंकि इतनी कम उम्र में देश के शीर्ष नेतृत्व से मिलना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़े गर्व की बात होती है।
सम्मान समारोह के कारण विजय हजारे ट्रॉफी से रहे बाहर
इस सम्मान समारोह में शामिल होने के लिए वैभव बुधवार को ही दिल्ली रवाना हो गए थे। इसी वजह से वे विजय हजारे ट्रॉफी में मणिपुर के खिलाफ होने वाला दूसरा मुकाबला नहीं खेल सके। हालांकि, उनके हालिया प्रदर्शन ने पहले ही सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

अंडर-19 वर्ल्ड कप में दिखाया दम
हाल ही में संपन्न अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में वैभव सूर्यवंशी ने शानदार प्रदर्शन किया था। इस टूर्नामेंट में उन्होंने सबसे ज्यादा छक्के लगाकर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का लोहा मनवाया। उनकी इस उपलब्धि ने चयनकर्ताओं और क्रिकेट विशेषज्ञों को भी प्रभावित किया है। दो दिन पहले वैभव सूर्यवंशी ने विजय हजारे ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ ऐतिहासिक पारी खेली। बिहार की ओर से प्लेट ग्रुप मैच खेलते हुए उन्होंने रांची स्थित JSCA ओवल ग्राउंड में सिर्फ 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह पारी न केवल तेज थी, बल्कि क्रिकेट इतिहास में भी दर्ज हो गई। इससे पहले बिहार के कप्तान साकिबुल गनी ने 32 गेंदों में और झारखंड के ईशान किशन ने 33 गेंदों में शतक लगाया था, लेकिन वैभव की उम्र ने उनकी उपलब्धि को और भी खास बना दिया।
सबसे युवा लिस्ट-A शतकवीर बने वैभव
इस शतक के साथ ही वैभव सूर्यवंशी लिस्ट-A क्रिकेट में शतक लगाने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाड़ी जहूर इलाही का 39 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। जहूर इलाही ने वर्ष 1986 में विल्स कप के दौरान पाकिस्तान ऑटोमोबाइल्स की ओर से खेलते हुए रेलवे के खिलाफ लिस्ट-A क्रिकेट में शतक लगाया था। उस समय उनकी उम्र 15 साल और 209 दिन थी। वैभव सूर्यवंशी की यह उपलब्धि न सिर्फ बिहार बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है। इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिकॉर्ड बनाना यह दिखाता है कि सही मार्गदर्शन और मेहनत से भारतीय क्रिकेट को भविष्य में कितने मजबूत खिलाड़ी मिल सकते हैं। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वैभव इसी तरह अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ते रहे, तो आने वाले वर्षों में वे भारतीय क्रिकेट का बड़ा नाम बन सकते हैं।


