न्यूज डेस्क: हजारीबाग में होमगार्ड जवान के साथ आंगो थाना प्रभारी के कथित तौर पर मारपीट के मामले में जिले के एसपी अमन कुमार ने कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी ज्ञानू कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है. दीपक कुमार को नये थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसकी पुष्टि झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव राजीव कुमार तिवारी ने भी की है.
इसे भी पढ़ें : रांची में थाना प्रभारी समेत पुलिस पदाधिकारी व टाइगर मोबाइल के पुलिसकर्मियों की फायरिंग क्षमता का अभ्यास
राजीव तिवारी के अनुसार होमगार्ड जवान मनोज कुमार के साथ आंगो थाना प्रभारी ज्ञानू कुमार के कथित तौर पर मारपीट करने की घटना के बाद एसोसिएशन ने एसपी से इस संबंध में विरोध जताते हुए कार्रवाई की मांग की थी. एसोसिएशन ने दावा किया था कि इस घटना में होमगार्ड जवान की उंगली टूटने के साथ ही अंदरूनी और बाहरी चोटें आई थी. वहीं इस मामले को लेकर डुमरी विधायक जयराम महतो ने भी संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी. इसके बाद मामला के तूल पकड़ने पर एसपी ने उन्हें लाइन हाजिर कर दिया.

