रांची : JSSC-CGL समेत टीडीपीएल द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के ऐलान के बाद छात्र नेताओं ने सरकार के फैसले का स्वागत किया है। छात्र नेताओं ने इसे छात्र हित में ऐतिहासिक और साहसिक कदम बताते हुए मुख्यमंत्री और झारखंड सरकार के प्रति आभार जताया।
Highlights:
इसे भी पढ़ें: JSSC CGL रद्द होने पर बाबूलाल मरांडी ने छात्रों को दी बधाई, आदित्य साहू ने कहा – CBI जांच के बिना छात्रों की जीत अधूरी
छात्र हित में साहसिक फैसला
छात्र नेता रवीन्द्र पासवान ने कहा कि आज मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक और साहसिक फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि छात्र हित में लिए गए इस निर्णय के लिए JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच की ओर से मुख्यमंत्री और झारखंड सरकार को धन्यवाद देते हैं। मुख्यमंत्री ने बेहद साहसी कदम उठाया है।
‘हेमंत है तो हिम्मत है’
स्टूडेंट लीडर उम्मे हबीबा ने कहा कि सरकार ने साबित किया है कि वह आदिवासियों और मूल निवासियों के हितों का ख्याल रखती है। उन्होंने कहा, “हेमंत है तो हिम्मत है।” उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि मुश्किल CGL भर्ती प्रक्रिया को रद्द करने का भरोसा देना बड़ा फैसला है।
हबीबा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रतिनिधियों के लगातार समर्थन के लिए भी धन्यवाद दिया। उन्होंने रियाज अहमद, इरफान अंसारी, दीपिका पांडे, जयराम महतो और देवेंद्र महतो समेत आंदोलन में साथ देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।
देवेंद्र नाथ महतो का अनशन खत्म
जेएसएससी सीजीएल रद्द होने की घोषणा होते ही इधर छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने अनशन के 16वें दिन अपना अनशन खत्म कर दिया. एक्स हैंडल पर पोस्ट में उन्होंने लिखा, “स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, मंत्री दीपिका पांडे और विधायक जयराम महतो की संयुक्त पहल से जिन मांगों को लेकर छात्र संवैधानिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे थे, उन्हें मान लिया गया है।” सरकार के निर्णय के बाद छात्र अपने शांतिपूर्ण विरोध को रोकने की घोषणा कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे के सुधारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
नियुक्ति व ज्वाइनिंग के बाद भी बड़ा फैसला
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यह निर्णय आसान नहीं था, क्योंकि JSSC CGL परीक्षा की नियुक्तियां और ज्वाइनिंग की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी थी। वहीं, कुछ सफल अभ्यर्थियों की ओर से परीक्षा रद्द नहीं करने की मांग भी सामने आ रही थी। इसके बावजूद सरकार ने निष्पक्ष जांच के बाद सभी पक्षों के लिए आगे का रास्ता निकालते हुए बड़ा फैसला लिया है। देवेंद्र महतो ने मुख्यमंत्री, झारखंड सरकार और राहुल गांधी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि छात्रों की मांगों पर सरकार की ओर से दिखाई गई संवेदनशीलता महत्वपूर्ण है।

