रांची: केंद्र सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने राज्य सरकार से सभी जिलों में वृद्धाश्रम (ओल्ड एज होम) के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा है। उन्होंने कहा कि देश में बुजुर्गों की संख्या लगातार बढ़ रही है और उनके सम्मानजनक जीवन, सुरक्षा और देखभाल के लिए हर जिले में वृद्धाश्रम जैसी सुविधाएं बेहद जरूरी हो गई हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यदि राज्य सरकार सभी जिलों से वृद्धाश्रम निर्माण के प्रस्ताव केंद्र को भेजती है, तो केंद्र सरकार स्तर पर आवश्यक सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बुजुर्गों को सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार है और सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
Highlights:
नशा मुक्त भारत अभियान
राज्य सरकार के महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में रामदास अठावले ने नशा मुक्त भारत अभियान को और प्रभावी तरीके से लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर समस्या बनता जा रहा है, जिसका सबसे ज्यादा असर युवाओं और पूरे परिवार पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ केवल कानून ही नहीं, बल्कि जागरूकता अभियान भी उतना ही जरूरी है। स्कूलों, कॉलेजों और गांव-शहरों में लगातार अभियान चलाकर युवाओं को नशे से दूर रखना समय की मांग है।
ओबीसी छात्रों की छात्रवृत्ति जल्द मिलेगी
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने ओबीसी छात्रों की लंबित छात्रवृत्ति को लेकर बड़ा भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि इस विषय में उनकी अपने मंत्रालय के अधिकारियों से बातचीत हो चुकी है और झारखंड को जल्द ही छात्रवृत्ति की राशि जारी कर दी जाएगी। अठावले ने कहा कि छात्रवृत्ति की राशि जारी होने से हजारों छात्रों को राहत मिलेगी और उनकी पढ़ाई में आ रही आर्थिक परेशानी दूर होगी।
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले)
इस दौरान रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में रामदास अठावले ने झारखंड प्रदेश की नई कार्यसमिति की घोषणा की। उन्होंने बताया कि शिव उरांव को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अठावले ने कहा कि उनकी पार्टी सामाजिक न्याय, संविधान और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए लगातार मजबूती से काम करती रहेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया।
बाबा साहेब आंबेडकर की भव्य प्रतिमा
केंद्रीय मंत्री ने एक अहम घोषणा करते हुए कहा कि मैथन डैम में डॉ. भीमराव आंबेडकर की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनकी केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय से बातचीत हो चुकी है और जल्द ही इसकी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। रामदास अठावले ने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा सामाजिक समरसता, समानता और प्रेरणा का प्रतीक होगी और आने वाली पीढ़ियों को उनके विचारों से जोड़ने का काम करेगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार समाज के हर वर्ग, खासकर बुजुर्गों, युवाओं, छात्रों और वंचित समुदायों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। राज्य सरकार के सहयोग से इन योजनाओं को जमीन पर उतारने की कोशिश की जा रही है।


