कोलकाता : पश्चिम बंगाल के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम भगदड़ जैसी स्थिति पैदा होने के कारण लगभग डेढ़ दर्जन लोगों की मौत की आशंका है. बताया जा रहा है कि बारिश होने के कारण पंडाल के बाहर काफ़ी भीड़ जमा हो गई थी। इसी बीच पंडाल का एक हिस्सा गिरने की सूचना से मची भगदड़ में कई लोग घायल हो गए और कुछ लोगों के मौत की भी आशंका है. अपुष्ट सूत्रों के अनुसार अब तक 17 लोगों के मौत होने की बात कही जा रही है।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : बोकारो में त्रिपक्षीय वार्ता विफल: विस्थापितों की मांगों के समर्थन में धरने पर बैठे मंत्री राधाकृष्ण किशोर और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष
घायल लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मौके पर मुख्यमंत्री और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंच गए हैं. न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुवेंदु अधिकारी और मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल ने कोलकाता मेडिकल कॉलेज और अस्पताल पहुंचकर वहां भर्ती घायलों से मुलाक़ात की. पीटीआई के अनुसार, इस घटना में कम से कम 25 लोग घायल हुए हैं.
एक प्रत्यक्षदर्शी ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “कई लोग बेहोश हो गए थे. कुछ लोगों को मोटरसाइकिलों पर ले जाया जा रहा था. मैंने अपने आसपास यह सब होते देखा. जब लोग बेहोश हो रहे थे, तो उन्हें बाइक पर ले जाया जा रहा था. यह सब हुआ और वहां भारी भीड़ भी मौजूद थी.”
ममता बनर्जी ने जताया दुःख
वहीं पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक्स पर लिखा, “चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख और सदमा पहुंचा है. मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करता हूं कि सभी घायलों को जल्द से जल्द स्वस्थ करें और इस मुश्किल समय में उनके परिवारों को हिम्मत और हौसला दें.”
टीएमसी नेता कुणाल घोष ने कहा
टीएमसी नेता कुणाल घोष ने कहा, “उत्तर कोलकाता के चोर बागान पूजा पंडाल में एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है. वहां मौजूद कुछ श्रद्धालुओं को मेडिकल कॉलेज ले जाने का काम जारी है. यह घटना कैसे और क्यों हुई, इन सब बातों पर बाद में चर्चा होगी, लेकिन हमारी प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है.”
“हम पुलिस प्रशासन से अनुरोध करते हैं कि अस्पतालों में मेडिकल स्टाफ की संख्या बढ़ाई जाए. हमारे कार्यकर्ता सहयोग कर रहे हैं. हम पुलिस के साथ सहयोग कर रहे हैं. पंडाल के अंदर अभी राहत और बचाव कार्य किया जाना बाकी है. हम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. पूजा के दौरान यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है.”
पुलिस ने क्या बताया
समाचार एजेंसी आईएनएस ने कोलकाता पुलिस के हवाले से बताया, आज (17 अक्टूबर 2026) शाम करीब 7:40 बजे भारी बारिश के दौरान दुर्गा पूजा पंडाल में आने वाले लोगों की भीड़ के कारण गिरिश पार्क थाना क्षेत्र के सरदा पार्क (चोरबागान) पूजा पंडाल के निकास द्वार पर भगदड़ मच गई.
सभी घायलों को बचाकर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (एमसीएच) पहुंचाया गया है. मौके पर कंट्रोल रूम, दमकल विभाग, कोलकाता पुलिस, आपदा प्रबंधन दल और मेडिकल टीमों के साथ एंबुलेंस तैनात की गईं. पुलिस ने बताया कि पूजा पंडाल को अब लोगों के लिए बंद कर दिया गया है. अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, करीब 35 लोगों को मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया है. घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतज़ार है.

