रांची : आगामी नगर निकाय चुनाव इस बार ईवीएम से नहीं, बल्कि बैलेट पेपर के जरिए कराए जाएंगे। मतदाता अध्यक्ष और वार्ड पार्षद दोनों पदों के लिए एक ही बैलेट बॉक्स में वोट डालेंगे। हालांकि, दोनों पदों के मतपत्रों का रंग अलग-अलग होगा, ताकि मतदान और मतगणना में किसी तरह की परेशानी न हो।
जारी निर्देशों के अनुसार, अध्यक्ष पद का मतपत्र गुलाबी रंग का रहेगा, जबकि वार्ड पार्षद का मतपत्र सफेद रंग का होगा। मतदान के बाद मतगणना के समय दोनों मतपत्रों को अलग-अलग छांटकर गिनती की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देश में कहा गया है कि यह व्यवस्था मतदान प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए की गई है। इससे मतदाता बिना किसी भ्रम के दोनों पदों के लिए आसानी से मतदान कर सकेंगे।


