कोलकाता : प बंगाल के बारुईपुर में पिछले दिनों एक नाबालिग बच्ची संग हुए रेप और मर्डर मामले का वांछित आरोपी प्रभास मंडल बुधवार सुबह पुलिस एनकाउंटर में ढेर हो गया है। बंगाल पुलिस ने सोमवार को इस आरोपी को गिरफ्तार किया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बारुईपुर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के मामले में गिरफ्तार प्रभास मंडल को मंगलवार देर रात अपराध स्थल के क्राइम रिकंस्ट्रक्शन के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में मौत हो गई।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : रामगढ़ के भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का उदभेदन, महिला समेत तीन गिरफ़्तार
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस के अनुसार, बारुईपुर थाना कांड संख्या 1350/26 की जांच के सिलसिले में मंगलवार रात करीब 12:45 बजे जांच अधिकारी अपनी टीम के साथ प्रभास मंडल को सूर्यपुर स्थित घटनास्थल पर ले गए थे। वहां घटना का पुनर्निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान प्रभास मंडल ने एक पुलिसकर्मी की राइफल मौके से भागने का प्रयास किया। इस दौरान उसने पुलिस टीम की ओर एक राउंड फायरिंग भी की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें प्रभास मंडल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल बारुईपुर महकमा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मिले एक सीसीटीवी फुटेज में प्रभास मंडल को पीड़िता के साथ जाते हुए देखा गया था। इसी आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पीड़िता का बोरे में बंद शव बरामद किया था। जांच एजेंसियों का कहना है कि प्रभास से पूछताछ के बाद ही अन्य आरोपितों तक पहुंचने में सफलता मिली थी, हालांकि वह लगातार बयान बदलकर जांच को गुमराह करने का प्रयास कर रहा था।
एक अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
इस बीच पुलिस ने मामले में एक अन्य आरोपित कबीर मोल्ला को भी गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही दुष्कर्म और हत्या कांड में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर चार हो गई। बारुईपुर में पुलिस पर हमले के मामले में भी कार्रवाई जारी है। पुलिस ने अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों का कहना है कि हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
सीएम का बयान
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बारुईपुर की घटना के बाद कहा था कि आरोपितों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने घटनास्थल का दौरा कर पुलिस महानिदेशक को 72 घंटे के भीतर जांच में ठोस प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। साथ ही चेतावनी दी थी कि जांच में किसी भी स्तर पर पुलिस की लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मेरे बेटे को सजा मिल गई
बारुईपुर रेप और मर्डर मामले में अभियुक्त प्रभाष मंडल की कथित पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद उनकी मां की प्रतिक्रिया आई है. प्रभाष मंडल की मां ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “दो पुलिसकर्मी मेरे घर आए थे. मैं अभी-अभी उठी थी. उन्होंने मुझे बताया कि मेरे बेटे की मौत हो गई है और पूछा कि क्या मैं अस्पताल जाना चाहती हूं. मैंने उनसे कहा कि मैं नहीं जा सकती, क्योंकि मेरे पति बीमार हैं.”
मैं उसका शव अपने घर भी नहीं लाऊंगी.
मैंने कहा कि आप लोग जो करना चाहते हैं, करिए. मुझे कोई आपत्ति नहीं है.” ”मेरे बेटे ने जो किया, उसकी उसे सज़ा मिल गई. मैं उसका शव स्वीकार नहीं करूंगी. मैं उसका शव अपने घर भी नहीं लाऊंगी. उसने कोई अच्छा काम नहीं किया. उसने गलत किया था और उसी की उसे सज़ा मिली है. उसे मार दें या जो करना हो करें, मुझे कोई आपत्ति नहीं है. मुझे उसकी लाश नहीं चाहिए.”


