लातेहार: संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में लातेहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने कुख्यात अमन साहू और राहुल सिंह गिरोह के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए उनके एक महत्वपूर्ण सहयोगी को गिरफ्तार किया है। यह सहयोगी गिरोह द्वारा लेवी (रंगदारी) के रूप में वसूली गई भारी-भरकम रकम को जमा करने और ट्रांसफर करने का काम करता था, जिससे गिरोह को लगातार आर्थिक मदद मिल रही थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राँची के आजाद नगर, लोअर बाजार निवासी शाहिद अंसारी, पिता नवाब अंसारी के रूप में हुई है।
Highlights:
₹50 लाख का कैश और ऑनलाइन लेन-देन
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई जिसके बाद जाँच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपी शाहिद अंसारी ने नवंबर 2024 से अब तक अमन साहू-राहुल सिंह गिरोह के लिए नगद और ऑनलाइन माध्यमों से लगभग ₹50 लाख रुपये की रकम का लेन-देन किया है। शाहिद अंसारी इस काले धन के लेन-देन में सक्रिय रूप से शामिल था और गिरोह के आर्थिक संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था।
खबरें और भी: कैमरून में फंसे झारखंड के 5 मजदूर सुरक्षित वतन लौटे, सोशल मीडिया पर लगाई थी मदद गुहार
जेल में बंद अपराधी से संबंध
पुलिस पूछताछ में यह भी पता चला है कि गिरफ्तार शाहिद अंसारी का सीधा संबंध मधुपुर जेल में बंद कुख्यात अपराधी आकाश राय उर्फ मोनू से है, जो उसका साढ़ू है। शाहिद ने स्वीकार किया है कि वह कई वर्षों से इस गिरोह की अवैध आर्थिक गतिविधियों में जुड़ा हुआ था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है। इस फोन से लेन-देन और गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ संपर्क से जुड़े अहम सुराग हाथ लगे हैं, जो आगे की जाँच में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।


