Friday, September 25, 2026

सहारनपुर में एक ही परिवार के पांच लोगों की सामूहिक मौत, गोली लगने से सभी की गई जान

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में मंगलवार को एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। सरसावा थाना क्षेत्र की शाश्वत बिहार कॉलोनी में एक किराए के मकान के अंदर एक ही परिवार के पांच लोगों के शव बरामद किए गए। मरने वालों में पति, पत्नी, बुजुर्ग मां और दो नाबालिग बेटे शामिल हैं। सभी की मौत गोली लगने से हुई है। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है।

कैसे सामने आया मामला

इस सामूहिक मौत की जानकारी तब सामने आई, जब मृतक अशोक राठौर के बहनोई ने मंगलवार सुबह उन्हें कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। आशंका होने पर उन्होंने अपने बेटे को अशोक के घर भेजा। बेटे ने घर पहुंचकर दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। काफी देर इंतजार के बाद किचन की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। अंदर का दृश्य देख सभी के होश उड़ गए। एक कमरे में परिवार के पांचों सदस्यों की लाशें पड़ी थीं। इसके बाद तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।

एक ही कमरे में मिले सभी शव

पुलिस के अनुसार, पति अशोक राठौर और उनकी पत्नी अंजिता के शव कमरे के फर्श पर पड़े थे, जबकि अशोक की बुजुर्ग मां विद्यावती और दोनों बेटे कार्तिक व देव बेड पर मृत अवस्था में मिले। मौके से तीन तमंचे भी बरामद किए गए हैं, जिससे यह मामला और गंभीर हो गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी को नजदीक से गोली मारी गई थी। मृतक अशोक राठौर की उम्र 40 वर्ष थी और वह नकुड़ तहसील में अमीन के पद पर कार्यरत थे। उन्हें यह नौकरी अपने पिता की मृत्यु के बाद मृतक आश्रित कोटे के तहत मिली थी। परिवार पिछले करीब पांच महीनों से शाश्वत बिहार कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। अशोक का बड़ा बेटा कार्तिक 16 वर्ष का था और वह नकुड़ के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 10 में पढ़ाई कर रहा था, जबकि छोटा बेटा देव 13 वर्ष का था और कस्बे के एमटीएस पब्लिक स्कूल में कक्षा 9 का छात्र था।

पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पूरे मकान को सील कर दिया गया है और सभी मृतकों के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

कई एंगल से जांच कर रही पुलिस

पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि अशोक राठौर ने पहले अपनी मां, पत्नी और दोनों बेटों को गोली मारी और इसके बाद खुद को गोली मार ली। हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर जल्दबाजी नहीं करना चाहती। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं परिवार पर कर्ज का दबाव, नौकरी से जुड़ा तनाव, घरेलू विवाद या मानसिक परेशानी तो नहीं थी। इसके साथ ही पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं किसी बाहरी व्यक्ति ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम तो नहीं दिया।

CCTV फुटेज और पड़ोसियों से पूछताछ

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि परिवार का किसी से विवाद, लेन-देन या दुश्मनी तो नहीं थी। हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद शाश्वत बिहार कॉलोनी और आसपास के इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। पड़ोसी और रिश्तेदार गहरे सदमे में हैं। एक साथ पूरे परिवार की मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और सभी पहलुओं की जांच के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचने की बात कह रही है।

spot_img

एयर नाऊ स्पेशल

कौन हैं सुभाष चंद्र गर्ग? GDP के आंकड़ों से...

Rohit Anil Tripathi कौन हैं सुभाष चंद्र गर्ग? जो कभी कहते हैं कि देश की जीडीपी के आंकड़े सही नहीं हैं, कभी अपनी किताब में...
- Advertisement -spot_img

सोशल मीडिया

25,000FansLike
40,000FollowersFollow
500FollowersFollow
113,000SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

ट्रेंडिंग ख़बर