रांची : झारखंड में पेसा नियमावली को मंजूरी मिलने के बाद राज्यभर में हर्ष और उत्साह का माहौल है। रांची में आयोजित जनजातीय स्वशासन महोत्सव के दौरान जनजातीय समुदायों में अपने अधिकार, आत्मसम्मान और स्वशासन को लेकर उत्सव का भाव देखने को मिला। इसे ग्राम सभा को सशक्त करने और जनजातीय स्वशासन की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक निर्णय माना जा रहा है।
इसी खुशी और आभार के साथ जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति धन्यवाद प्रकट करने हेतु मुख्यमंत्री आवास तक पैदल मार्च किया। बड़ी संख्या में शामिल लोगों ने शांतिपूर्ण ढंग से मार्च करते हुए सरकार के फैसले का स्वागत किया। प्रतिनिधियों ने कहा कि पेसा नियमावली से गांवों में स्वशासन को मजबूती मिलेगी और ग्राम सभा की भूमिका निर्णायक होगी। जनजातीय समाज ने इसे जनभागीदारी, परंपराओं के सम्मान और सशक्त लोकतंत्र का प्रतीक बताते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।


