न्यूज डेस्क: पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम आने के बाद ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव नहीं हारी, बल्कि उन्हें साजिश के तहत हराया गया है। दरअसल, ममता बनर्जी ने साफ कहा कि वह इस्तीफा नहीं देंगी। उन्होंने कहा, “मेरे इस्तीफे का सवाल ही नहीं उठता”। हम नैतिक तौर पर जीते हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी की करीब 100 सीटें लूट ली गई और 90 लाख वोट काट दिए गए।
Highlights:
चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर आरोप
ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों ने मिलकर उनकी पार्टी को हराने की साजिश रची। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के लिए बीजेपी ने चुनाव आयोग का इस्तेमाल किया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस चुनाव में लोगों के संवैधानिक अधिकारों का हनन हुआ है। ममता बनर्जी ने EVM को लेकर भी संदेह जताया। उन्होंने कहा कि मतदान के बाद मशीन में 80-90 प्रतिशत चार्ज होना शक पैदा करता है, जबकि सामान्य रूप से यह कम होना चाहिए। उन्होंने इसे चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़ा करने वाला मुद्दा बताया।
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
नाम हटाने और गिरफ्तारी का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से 90 लाख नाम हटा दिए गए। जब मामला कोर्ट पहुंचा तो 32 लाख नाम वापस जोड़े गए। साथ ही, चुनाव से पहले उनके कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया और उन्हें परेशान किया गया। ममता बनर्जी ने बताया कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल, शिवसेना (यूबीटी) के उद्धव ठाकरे, समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, आरजेडी के तेजस्वी यादव और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें फोन कर समर्थन जताया है। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन और मजबूत होगा।
यह भी पढ़ें: कोलकाता पुलिस के डीसीपी शांतनु बिस्वास के खिलाफ ED का लुकआउट नोटिस, मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है मामला
“खुद को बताया आम आदमी और आज़ाद पंछी”
ममता बनर्जी ने कहा कि अब उनके पास कोई पद नहीं है, इसलिए वह एक आम आदमी की तरह काम करेंगी। उन्होंने कहा, “मैं अब एक आजाद पंछी हूं। मैंने अपनी पूरी जिंदगी लोगों की सेवा में लगा दी है और अब भी जनता के लिए काम करती रहूंगी।” ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि उन्हें मतदान केंद्र में जाने से रोका गया और केंद्रीय बलों व चुनाव अधिकारियों ने उनके कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि उन्हें धक्का देकर बाहर निकाला गया और उनके एजेंटों के साथ मारपीट की गई।




