नई दिल्ली : राष्ट्रपति भवन से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार लेफ्टिनेंट जनरल (रि.) सैयद अता हसनैन बिहार के नए राज्यपाल होंगे तो वहीं तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि को अब प बंगाल के नए राज्यपाल की जिम्मेदारी मिली है. गुरूवार देर शाम जारी विज्ञप्ति के अनुसार प बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस के राज्यपाल पद से दिए गए इस्तीफे को स्वीकार कर लिया गया है. गुरूवार को 9 राज्यपाल- उप राज्यपाल का तबादला किया गया है.
Highlights:
नंद किशोर यादव बने नागालैंड के राज्यपाल
बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष नंदकिशोर यादव को नागालैंड का नया राज्यपाल बनाया गया है. तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का नया राज्यपाल बनाया गया है. हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला अब तेलंगाना के नए राज्यपाल होंगे.
इसी तरह केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर अब तमिलनाडु के राज्यपाल पद की भी अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालेंगे. लद्दाख के उप राज्यपाल कविंद्र गुप्ता अब हिमाचल प्रदेश के नए राज्यपाल होंगे. इसके साथ ही दिल्ली के उप राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को अब लद्दाख के उप राज्यपाल की जिम्मेदारी दी गई, जबकि तरणजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया उप राज्यपाल बनाया गया है.
भाजपा ने बनाया था लोकसभा उम्मीदवार
तरनजीत सिंह संधू ने फरवरी 2020 में अमेरिका में भारत के राजदूत के रूप में कार्यभार संभाला था और जनवरी 2024 तक वह इस पद पर रहे थे। रिटायरमेंट के बाद वह 2024 में ही भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी और लोकसभा चुनाव में अमृतसर सीट से उम्मीदवार बनाए गए थे।

