Lifestyle Desk: आजकल हेल्दी रहने की बात हो तो लोग अपनी डाइट में फल और जूस दोनों शामिल करते हैं. लेकिन एक सवाल हमेशा बना रहता है. क्या ज्यादा फायदेमंद है. सीधे फल खाना या जूस पीना. एक्सपर्ट्स कहते हैं कि छोटा सा ये फर्क आपकी सेहत पर बड़ा असर डाल सकता है. जब आप फल को उसके असली रूप में खाते हैं, तो शरीर को फाइबर, विटामिन और मिनरल्स एक साथ मिलते हैं. ये फाइबर पाचन को ठीक रखता है और पेट को लंबे समय तक भरा महसूस कराता है. लेकिन जब वही फल जूस बन जाता है, तो उसका ज्यादातर फाइबर खत्म हो जाता है. यानी जो चीज आपको ज्यादा फायदा देती है, वही कम हो जाती है.
Highlights:
इसे भी पढ़े: आप जो अंडा खा रहे, कहीं वह प्लास्टिक का तो नहीं, FSSAI ने बताया घर बैठे पहचानने का आसान तरीका
पैक्ड जूस कितना हेल्दी है
अब बात करते हैं बाजार में मिलने वाले जूस की. कई पैकेट पर “100% फ्रूट जूस” लिखा होता है, जिससे लगता है कि ये पूरी तरह हेल्दी है. लेकिन सच्चाई ये है कि इनमें अक्सर अतिरिक्त चीनी और प्रिजर्वेटिव्स मिलाए जाते हैं. इससे स्वाद तो अच्छा लगता है, लेकिन शरीर को उतना फायदा नहीं मिलता. इसलिए जूस खरीदते समय लेबल जरूर पढ़ना चाहिए.
पेट भरने और वजन पर असर
सीधे फल खाने में थोड़ा समय लगता है, लेकिन इससे पेट जल्दी भरता है और देर तक भूख नहीं लगती. दूसरी तरफ जूस जल्दी पी लिया जाता है. इससे पेट ज्यादा देर तक भरा नहीं रहता और आप जल्दी फिर कुछ खाने लगते हैं. यही वजह है कि जूस ज्यादा पीने से कैलोरी बढ़ सकती है और वजन भी बढ़ने लगता है.
दांत और सेहत पर असर
मीठे जूस को धीरे-धीरे घूंट-घूंट करके पीना दांतों के लिए भी ठीक नहीं है. इससे दांतों पर शुगर का असर लंबे समय तक बना रहता है और सड़न का खतरा बढ़ सकता है. एक्सपर्ट्स ये भी कहते हैं कि ज्यादा मीठे जूस से आगे चलकर डायबिटीज जैसी समस्याओं का खतरा भी बढ़ सकता है.
एक्सपर्ट्स की सलाह
डॉक्टर्स और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स की साफ सलाह है कि ज्यादा फायदा पाने के लिए फल को सीधे खाना बेहतर है. खासकर बच्चों को पैक्ड जूस देने से बचना चाहिए. उनकी ग्रोथ के लिए नेचुरल तरीके से मिलने वाले पोषक तत्व ज्यादा जरूरी होते हैं. अगर आप रोजाना हेल्दी रहना चाहते हैं, तो फल को उसी रूप में खाएं जैसे वो आते हैं. जूस कभी-कभी लिया जा सकता है, लेकिन इसे आदत बनाना सही नहीं है. छोटी सी ये आदत आपकी सेहत को लंबे समय तक बेहतर रख सकती है.


