धनबाद: झरिया के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र में तीन लोगों को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की गई। जिसमें एक व्यक्ति की हालत बेहद गंभीर बटायाओई जा रही है। इस घटना का सीधा आरोप झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेता मदन राम पर लगा है।
Highlights:
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक पान की गुमटी को लेकर हुई थी। आरोप है कि डिगवाडीह इलाके में JMM नेता मदन राम का अपने ही चचेरे भाइयों और एक अन्य युवक के साथ विवाद हो गया। गुस्सा इतना बढ़ा कि मदन राम ने गुमटी में रखा पेट्रोल निकाला और अपने भाई उत्सव राम, विवेक राम और एक अन्य साथी विनायक गुप्ता पर छिड़क कर आग लगा दी। देखते ही देखते तीनों युवक आग की लपटों में घिर गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हुए और आनन-फानन में आग बुझाकर तीनों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
मिली जानकारी के अनुसार, इस हमले में झुलसे उत्सव राम की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। वहीं विवेक और विनायक का भी इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
खबरें और भी: रांची के रिम्स में नर्स से मारपीट, इमरजेंसी विभाग और नर्सिंग सेवाएं कई घंटों तक रही ठप
पुरानी रंजिश और जमीन विवाद बनी वजह
पीड़ित परिवार ने बताया कि यह केवल गुमटी का विवाद नहीं था, बल्कि मदन राम और उत्सव राम के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर रंजिश चली आ रही थी। परिजनों का आरोप है कि मदन राम पहले भी कई बार जानलेवा हमले की कोशिश कर चुका था, लेकिन इस बार उसने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं।
इधर घटना की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह जोड़ापोखर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से डिगवाडीह और आसपास के इलाकों में भारी तनाव है। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से मांग की है कि आरोपी नेता को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।


