Wednesday, November 4, 2026

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में कांग्रेस जिला अध्यक्षों संग राहुल गांधी ने पार्टी संगठन की मजबूती पर की चर्चा

कुरुक्षेत्र: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज हरियाणा के दौरे पर हैं। सुबह करीब 10:20 बजे उनका विमान अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पर उतरा। यहां कांग्रेस के प्रभारी बीके हरिप्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उनका स्वागत किया। अंबाला से राहुल गांधी सड़क मार्ग से कुरुक्षेत्र पहुंचे। यहां वे पंजाबी धर्मशाला में चल रहे कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा ले रहे हैं। इस कैंप में हरियाणा और उत्तराखंड के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को संगठन मजबूत करने और चुनावी राजनीति की बारीकियां सिखाई जा रही हैं।

जिला अध्यक्षों के परिवारों से की मुलाकात

कुरुक्षेत्र पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने सबसे पहले हरियाणा और उत्तराखंड के कांग्रेस जिला अध्यक्षों के परिवारों से मुलाकात की। इसके बाद वे एक बंद हॉल में जिला अध्यक्षों को ट्रेनिंग दे रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस ट्रेनिंग सत्र में जिला अध्यक्षों के अलावा किसी अन्य नेता को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई है। अन्य वरिष्ठ नेता अलग कमरे में मौजूद हैं। धर्मशाला परिसर में राव नरेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह हुड्डा के अलावा सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा, राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला समेत कई विधायक और सांसद मौजूद हैं।

मीडिया से दूरी, सीमित गाड़ियों को अनुमति

ट्रेनिंग कैंप में केवल प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, जिला अध्यक्षों और कार्यकारिणी सदस्यों को ही प्रवेश दिया गया है। मीडिया को इस कार्यक्रम से दूर रखा गया है। राहुल गांधी के काफिले की केवल तीन गाड़ियों को ही पंजाबी धर्मशाला के अंदर जाने की अनुमति मिली, जबकि बाकी वाहनों को मुख्य प्रवेश द्वार पर ही रोक दिया गया। राहुल गांधी की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। पंजाबी धर्मशाला की ओर जाने वाली सड़क पर तीन जगह बैरिकेड लगाए गए हैं। ASP प्रतीक गहलोत के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

कैंप का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि हरियाणा और उत्तराखंड के जिला अध्यक्षों के लिए कुरुक्षेत्र एक केंद्रीय स्थान है, इसलिए ट्रेनिंग के लिए इसी जगह को चुना गया है। यह ट्रेनिंग कैंप 13 जनवरी से शुरू हुआ था और 22 जनवरी तक चलेगा। उन्होंने बताया कि कैंप का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और चुनाव लड़ने की व्यावहारिक रणनीति सिखाना है। इसमें हरियाणा के 32 और उत्तराखंड के 27 कांग्रेस जिला अध्यक्ष शामिल हो रहे हैं। इनके साथ-साथ राज्यों के प्रभारी, सह-प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक दल के नेता भी इस कार्यक्रम का हिस्सा हैं।

पिछले साल से चल रहा संगठन सृजन अभियान

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने पिछले साल 4 जून को चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में ‘संगठन सृजन कार्यक्रम’ के तहत राज्य के नेताओं और ऑब्जर्वरों के साथ बैठक की थी। उस समय हरियाणा में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति नहीं हुई थी। राहुल गांधी ने बैठक में साफ कहा था कि संगठन बनाते समय किसी भी नेता की सिफारिश नहीं चलेगी। इसके बाद 12 अगस्त को कांग्रेस ने हरियाणा में 32 जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की। फिर 29 सितंबर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बदले गए और उदयभान की जगह राव नरेंद्र सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। ट्रेनिंग कैंप के बाद राहुल गांधी के कुरुक्षेत्र में ही स्थित ब्रह्मसरोवर पर आयोजित आरती में शामिल होने की भी संभावना है। इसके बाद वे शाम को दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

एयर नाऊ स्पेशल

Radhakrishna Kishore Podcast: राजनीति में आने की वजह से...

Radhakrishna Kishore Podcast: झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर अपने बेबाक अंदाज और साफगोई के लिए जाने जाते हैं। एयरनाऊ के खास पॉडकास्ट...
- Advertisement -spot_img

सोशल मीडिया

25,000FansLike
40,000FollowersFollow
500FollowersFollow
113,000SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग ख़बर