हजारीबाग: अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय की अदालत में मामले की निष्पक्ष जांच को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने बताया कि जांच में तेजी लाने के लिए आठ सदस्यों वाली विशेष जांच टीम यानी SIT बनाई गई है। इस टीम की जिम्मेदारी हजारीबाग सदर एसडीपीओ को सौंपी गई है।
Highlights:
इसे भी पढ़ें: CM हेमंत सोरेन की याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट में 2 दिसंबर को होगी सुनवाई, PMLA कोर्ट के आदेश से जुड़ा है मामला
पति गिरफ्तार, SIT कर रही जांच
राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि इस मामले में मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ भी की गई है। मामले की तेजी से जांच करने के लिए SIT लगातार काम कर रही है। सरकार का पक्ष सुनने के बाद हाईकोर्ट ने अगली सुनवाई तक जांच की प्रगति रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है।
19 नवंबर को होगी अगली सुनवाई
हाईकोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 19 नवंबर की तारीख तय की है। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता विकास कुमार ने अदालत में पक्ष रखा। इससे पहले हुई सुनवाई में हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को डीएसपी स्तर के अधिकारी को जांच की जिम्मेदारी देने और अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश दिया था।
मृतका के भाई ने दाखिल की है याचिका
अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की मौत के मामले में उनके भाई देवजीत चक्रवर्ती ने झारखंड हाईकोर्ट में क्रिमिनल रिट याचिका दाखिल की है। इस याचिका में उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इसी याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से जांच की प्रगति रिपोर्ट मांगी है। अब 19 नवंबर को होने वाली सुनवाई में जांच से जुड़ी नई जानकारी अदालत के सामने रखी जाएगी।

