मेदिनीनगर : स्कूल से दूर बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पलामू जिला प्रशासन ने ‘पलामू परवाज़ – हर बच्चे की उड़ान, शिक्षा के साथ’ अभियान शुरू किया है. शनिवार को चैनपुर प्रखंड के खुरा कला पंचायत से उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने अभियान की शुरुआत की.
Highlights:
इसे भी पढ़ें: पलामू के जपला-मोहम्मदगंज पथ पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल
अभियान पूरे जिले में चलाया जाएगा.
अभियान के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय में बच्चों को अपने हाथों से मध्याह्न भोजन परोसा और उनसे पढ़ाई समेत स्कूल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली. मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, चैनपुर जिप सदस्य प्रमोद सिंह समेत अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
15 दिन से अनुपस्थित बच्चों की होगी पहचान
अभियान के तहत 15 दिन, 30 दिन या उससे अधिक समय से स्कूल नहीं आने वाले बच्चों को चिह्नित किया जाएगा. संबंधित अधिकारी क्षेत्र में जाकर बच्चों और उनके अभिभावकों से सीधा संवाद करेंगे.स्कूल नहीं आने की वजह जानने के साथ समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा, ताकि बच्चों को दोबारा विद्यालय से जोड़ा जा सके.
अभिभावकों के साथ चौपाल लगाकर किया संवाद
अभियान की शुरुआत के दौरान उपायुक्त ने खुरा कला में बच्चों और अभिभावकों के साथ चौपाल लगायी. उन्होंने बच्चों से पढ़ाई को लेकर बातचीत की और अभिभावकों से बच्चों को नियमित स्कूल भेजने की अपील की. ग्रामीणों को बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की शपथ भी दिलायी गयी.
बच्चे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होंगे
उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने के साथ अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाती है. शिक्षित बच्चे खुद जागरूक होने के साथ अपने परिवार को भी जागरूक कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि बच्चे पढ़ेंगे, तभी पलामू का कायाकल्प होगा. प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है.
उपस्थिति और मध्याह्न भोजन की होगी समीक्षा
उपायुक्त ने बताया कि अभियान के दौरान विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति की नियमित समीक्षा की जाएगी. 15 दिन और 30 दिन या उससे अधिक समय से अनुपस्थित बच्चों को चिह्नित कर अधिकारियों को उनके गांव और क्षेत्र में भेजा जाएगा. अधिकारी अभिभावकों से संवाद कर बच्चों को दोबारा स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करेंगे. विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की व्यवस्था की भी जांच होगी.

