मनोरंजन : बॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों की सेहत को लेकर पिछले कुछ दिनों से लगातार खबरें सामने आ रही हैं। हिंदी सिनेमा के तीन जाने- माने मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र, गोविंदा और प्रेम चोपड़ा इन दिनों अपने स्वास्थ्य को लेकर अस्पतालों में भर्ती रहे. उनके अस्वस्थ होने की खबरों से उनके फैंस और पूरा बॉलीवुड भी सकते में नजर आया। हालांकि अब तीनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. उनके परिवार के लोगों ने यह जानकारी आम लोगों तक सोशल मीडिया के जरिए साझा की है। आइए,विस्तार से जानते हैं तीनों सितारों की तबीयत और हालात से जुड़ी पूरी जानकारी।
अभिनेता प्रेम चोपड़ा मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती
हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय विलन माने जाने वाले चरित्र अभिनेता प्रेम चोपड़ा को मुंबई के लीलावती अस्पताल में बीते रविवार को भर्ती कराया गया. उन्हें हर्ट की समस्या, वायरल और फेफड़ों के संक्रमण की शिकायत के चलते अस्पताल लाया गया था। लीलावती अस्पताल के डॉक्टर जलील पार्कर ने बताया कि प्रेम चोपड़ा को दो दिन पहले उनके फैमिली कार्डियोलॉजिस्ट डॉक्टर नितिन गोखले की देखरेख में भर्ती किया गया था। डॉक्टर पार्कर ने बताया कि अभिनेता की हालत फिलहाल स्थिर है और वे आईसीयू में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यह उम्र से जुड़ी सामान्य स्वास्थ्य दिक्कतें हैं, जिनसे रिकवरी में थोड़ा समय लग रहा है। डॉक्टर का मानना है कि दो से तीन दिन में उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। इस बीच प्रेम चोपड़ा के दामाद और अभिनेता विकास भल्ला ने भी जानकारी दी कि उन्हें सिर्फ एहतियात के तौर पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यह सब उम्र से जुड़ी बीमारियां हैं और रूटीन जांच के लिए वह अस्पताल में भर्ती हुए. फैंस और उनको चाहने वालों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। परिवार की ओर से भी बताया गया कि प्रेम चोपड़ा की तबीयत में सुधार है और वे जल्द घर लौट आएंगे।
प्रेम चोपड़ा अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1960 के दशक में की
अगर उनकी फिल्मी करियर की बात करें, तो हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय विलन माने जाने वाले अभिनेता हैं, प्रेम चोपड़ा उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1960 के दशक में शिमला से बॉम्बे (अब मुंबई) आकर की थी। उन्हें पहली बड़ी पहचान फिल्म वो कौन थी? से मिली। इसके बाद उन्होंने तीसरी मंजिल, उपकार, दो रास्ते, निशान, दोली, दोस्ताना, क्रांति, बेताब और एजेंट विनोद जैसी कई हिट फिल्मों में यादगार भूमिकाएँ निभाईं। प्रेम नाम है मेरा, प्रेम चोपड़ा उनका सबसे मशहूर डायलॉग है, जो आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय है। उम्र के इस पड़ाव में भी वे फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हुए हैं और कई अवॉर्ड्स से सम्मानित हो चुके हैं।
कॉमेडी किंग गोविंदा की बिगड़ी तबीयत
वहीं दूसरी ओर बॉलीवुड के सुपरहिट एक्टर और कॉमेडी किंग गोविंदा की तबीयत भी मंगलवार शाम को अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें आननफानन में मुंबई के जुहू क्रिटिकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह घटना तब हुई जब गोविंदा ठीक एक दिन पहले ही ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती धर्मेंद्र से मिलने और उनका हालचाल लेने पहुंचे थे। लेकिन अचानक अगले ही दिन उनकी अपनी तबीयत बिगड़ गई, और वो अपने घर में अचानक बेहोश हो गए थे। परिवार के लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें फिलहाल निगरानी में रखा है। डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें आराम की जरूरत है और कुछ दिनों की निगरानी के बाद डिस्चार्ज किया जा सकता है।
गोविंदा के वकील और करीबी दोस्त ललित बिंदल ने बताया कि ब्रीच कैंडी अस्पताल से लौटने के बाद गोविंदा थोड़े असहज महसूस कर रहे थे, इसलिए उन्हें अस्पताल लाया गया। उन्होंने कहा कि सभी जरूरी टेस्ट किए जा चुके हैं और अब डॉक्टर रिपोर्ट्स और न्यूरो कंसल्टेशन की राय का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल गोविंदा की हालत स्थिर बताई जा रही है और घबराने की कोई बात नहीं है।
एक साल पहले लाइसेंसी रिवॉल्वर से चली थीं गोली
यह पहली बार नहीं है जब गोविंदा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ठीक एक साल पहले यानी साल 2024 के अक्टूबर महीने में भी वह एक हादसे के कारण अस्पताल में भर्ती हुए थे। उस समय उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गलती से गोली चल गई थी, जो उनके घुटने में जा लगी थी। उस एक्सिडेंट के बाद उन्हें तीन अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती रहना पड़ा था। गोविंदा ने अपने लंबे करियर में हीरो नंबर वन, कुली नंबर वन, साजन चले ससुराल, पार्टनर, हसीना मान जाएगी, और राजा बाबू जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। वे अपनी कॉमिक टाइमिंग और डांस स्टाइल के लिए आज भी दर्शकों के पसंदीदा कलाकारों में गिने जाते हैं।
ही-मैन के नाम से मशहूर धर्मेंद्र को अस्पताल से मिली छुट्टी
इस बीच बुधवार को बॉलीवुड के लिए एक अच्छी खबर यह आई कि बुधवार सुबह ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती ही-मैन के नाम से मशहूर धर्मेंद्र को अस्पताल से छुट्टी मिल गई और उन्हें डॉक्टरों ने घर भेज दिया. मिली जानकारी के अनुसार अब घर पर ही डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाडस होगा, इससे पहले मंगलवार रात धर्मेंद्र की पत्नी व भाजपा सांसद हेमा मालिनी व उनकी बेटी एक्ट्रेस एशा देओल उन्हें देखने के लिए अस्पताल पहुंची थी. मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र को बीते दिनों सांस लेने में तकलीफ के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉ. समदानी ने कहा कि धर्मेंद्र पिछले कई हफ्तों से कभी अस्पताल में भर्ती हो रहे थे तो कभी घर लौट रहे थे। इस बार उन्हें 10 नवंबर को सांस लेने में परेशानी के बाद भर्ती किया गया था। हालत गंभीर होने पर उन्हें वेंटिलेटर पर भी रखा गया था। हालांकि, अब उनकी तबीयत में सुधार है और वे धीरे-धीरे रिकवर कर रहे हैं। इससे पहले सनी देओल की टीम ने मंगलवार को बताया था कि धर्मेंद्र की हालत में सुधार हो रहा है और वे जल्दी ठीक हो जाएंगे। उन्होंने फैन्स से प्रार्थना की थी कि वे अभिनेता की लंबी उम्र और अच्छी सेहत के लिए दुआ करें। धर्मेंद्र से मिलने मंगलवार रात उनके बेटे सनी देओल और बॉबी देओल अस्पताल पहुंचे थे।
धर्मेंद्र के निधन की झूठी खबरें हुई वायरल
इससे पहले मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र के निधन की झूठी खबरें भी मीडिया और सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थीं। कई न्यूज़ चैनलों और वेबसाइट्स ने बिना पुष्टि के यह खबर चला दी कि 89 साल के धर्मेंद्र का निधन हो गया है. मीडिया में खबरें वायरल होने के बाद परिवार वालों खासकर पत्नी हेमा मालिनी और बेटी एशा देओल ने इस गलत खबर को लेकर कड़ी नाराजगी जताई तो उसके बाद ही इस खबर का खंडन हुआ कि धर्मेंद्र का निधन हो गया है. ईशा देओल ने कहा, मीडिया पूरी तरह गलत खबरें फैला रहा है। पापा की हालत स्थिर है और वे रिकवर कर रहे हैं। कृपया हमारे परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें और उनकी जल्द सेहतमंदी के लिए दुआ करें।
वहीं, हेमा मालिनी ने भी पोस्ट करते हुए लिखा, जो हो रहा है, वह बेहद गैर-जिम्मेदाराना है। किसी जिम्मेदार मीडिया संस्थान को ऐसी झूठी खबरें नहीं फैलानी चाहिए। धर्मेंद्र इलाज का जवाब दे रहे हैं और ठीक हो रहे हैं। परिवार की निजता का सम्मान करें।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी एक्स पर किया था पोस्ट
मामला इतना बढ़ा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी एक्स (पहले ट्विटर) पर शोक जताते हुए पोस्ट की थी। हालांकि, बाद में उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने तुरंत वह पोस्ट हटा ली। धर्मेंद्र हिंदी सिनेमा के सबसे सफल अभिनेताओं में से एक हैं। उन्होंने शोले, चुपके चुपके, अनुपमा, फूल और पत्थर, बंधन, राजा जानी जैसी अनगिनत फिल्मों में अपनी छाप छोड़ी है। अपने जमाने में वे रोमांस और एक्शन दोनों के लिए जाने जाते थे।
बॉलीवुड के ये तीनों दिग्गज कलाकार, प्रेम चोपड़ा, गोविंदा और धर्मेंद्र, ने अपनी-अपनी फिल्मों और अभिनय से दर्शकों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी है। उम्र बढ़ने के साथ जहां कुछ स्वास्थ्य समस्याएँ आम हो जाती हैं, वहीं फैन्स इनकी अच्छी सेहत और लंबी उम्र के लिए दुआएं कर रहे हैं।
परिवार ने भी मीडिया और फैन्स से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें
तीनों कलाकारों के परिवार ने भी मीडिया और फैन्स से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और सिर्फ आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें। फिलहाल तीनों की हालत स्थिर है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।बॉलीवुड इंडस्ट्री के अन्य सितारों ने भी सोशल मीडिया पर प्रेम चोपड़ा, गोविंदा और धर्मेंद्र के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। फिल्म जगत के लोगों ने कहा कि ये तीनों कलाकार हिंदी सिनेमा की पहचान हैं, और उनकी अच्छी सेहत पूरी इंडस्ट्री के लिए राहत की बात है।
इन घटनाओं से एक बात साफ होती है कि उम्र के इस पड़ाव पर भी ये सितारे दर्शकों के दिलों में जिंदा हैं और उनकी फिल्मों, डायलॉग्स और काम को लोग आज भी याद करते हैं। फैन्स बस यही दुआ कर रहे हैं कि ये सभी दिग्गज जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौटें और पहले की तरह मुस्कुराते नजर आएं।


