झारखंड : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शुक्रवार को राज भवन में देश के पहले उप प्रधानमंत्री सह गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के मौके पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इस मौके पर राज्यपाल ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और रियासतों के एकीकरण के माध्यम से आधुनिक भारत की सुदृढ़ नींव रखी. सरदार पटेल का दूरदर्शी नेतृत्व और उनके अदम्य साहस ने देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया.
राज्यपाल ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन, त्याग और नेतृत्व आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने सभी राज्यवासियों से राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सौहार्द के संकल्प को दोहराने की अपील की. इस अवसर पर उन्होंने समस्त राज्यवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह दिवस हमें राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहने का संदेश देता है.


