गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में कफ सिरप की अंतरराज्यीय तस्करी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.97 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। यह कार्रवाई एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धारा 68F के तहत की गई। पुलिस के अनुसार, जब्त संपत्ति आरोपी सौरव त्यागी द्वारा कफ सिरप तस्करी से अर्जित अवैध धन से खरीदी गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी ने घोषित आय से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की थी।
Highlights:
पहले छापे में बरामद हुआ था बड़ा जखीरा
तीन नवंबर को पुलिस और क्राइम ब्रांच ने मेरठ रोड स्थित एक मछली गोदाम पर छापा मारकर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस दौरान चार ट्रकों से 1150 पेटियों में 15.73 लाख शीशी कफ सिरप बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.40 करोड़ रुपये आंकी गई। साथ ही एक कार, 20 लाख रुपये नकद और कई दस्तावेज भी मिले थे।
सात संपत्तियां की गईं सीज
वित्तीय रिकॉर्ड की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी की सात संपत्तियां सीज कीं। इनमें चार वाहन और तीन व्यावसायिक दुकानें शामिल हैं। सीज संपत्ति में इंदिरापुरम इलाके की तीन दुकानें, दो वैगन आर कार, एक हुंडई क्रेटा और एक हुंडई ग्रैंड i10 कार शामिल बताई गई हैं। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने कहा कि मादक पदार्थों और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी से अर्जित संपत्ति पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गाजियाबाद पुलिस की इस कार्रवाई से ड्रग तस्करी के खिलाफ सख्ती का संदेश गया है। पुलिस ने कहा है कि ऐसे मामलों में दोषियों की अवैध संपत्ति जब्त कर कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।


