रांची: राजधानी रांची में आज फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के लिए रविवार को हुए चुनाव में मतदान संपन्न हो गया है. अध्यक्ष पद के साथ 21 कार्यकारिणी सदस्यों और तीन प्रमंडलीय क्षेत्रीय उपाध्यक्षों के चुनाव के लिए करीब 4200 मतदाताओं में से लगभग ढाई हजार से अधिक लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
चुनावी मैदान में तीन टीमों के होने के चलते मुकाबला त्रिकोणीय देखने को मिला. चुनावी मैदान में टीम मुकेश अग्रवाल, टीम तुलसी पटेल और पी-21 है. सुबह 9 बजे शुरू हुए मतदान को लेकर व्यवसासियों में भारी उत्साह देखने को मिला और 60 फीसदी से अधिक मतदान दर्ज किया गया. मारवाड़ी भवन में शाम पांच बजे खत्म हुए मतदान के बाद अब नजरें मतगणना पर टिकीं है.
इसे भी पढ़ें : 150 करोड़ से ऊपर के ट्रेजरी स्कैम को लेकर सरकार पर भाजपा का हमला, पूछा – बड़ी मछलियों की गिरफ्तारी कब?
चैंबर की 21 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति के लिए इस बार कुल 65 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें महिला उद्यमियों की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए 9 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं. इस चुनाव में कुल 4214 योग्य मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर नई टीम का चयन करेंगे. रांची समेत पूरे राज्य से आए छोटे-बड़े व्यापारी वर्ग और उद्योगपति अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे. व्यापारियों ने इस चुनाव को पूरे झारखंड के व्यापारी वर्ग की आवाज और उनके हितों की रक्षा का चुनाव बताया।
तीनों टीमों के समर्थक और उम्मीदवार मुख्य द्वार पर खड़े होकर मतदाताओं का अभिवादन करते और अपने पक्ष में अंतिम समय तक वोट मांगते नजर आए. चैंबर चुनाव के इन नतीजों पर राज्य के पूरे उद्योग जगत की निगाहें टिकी हुई हैं. कुछ देर बाद मतों की गिनती शुरू होगी, जिसके बाद झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स को उसकी नई कार्यकारिणी मिल जाएगी.


