रांची: झारखंड में गुरुवार को बड़ी राजनीतिक कार्रवाई के तहत पूर्व मंत्री योगेंद्र साव और पूर्व विधायक निर्मला देवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों को दोपहर करीब तीन बजे हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई। गिरफ्तारी के बाद राज्य के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
Highlights:
कई थानों में दर्ज हैं मामले
मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के खिलाफ बड़कागांव, केरेडारी और पगार ओपी समेत कई थानों में पहले से मामले दर्ज हैं। पुलिस इन्हीं मामलों के आधार पर कार्रवाई करने पहुंची थी। बताया गया कि पूर्व मंत्री 31 दिसंबर 2025 से NTPC के चट्टी बरियातू कोल माइंस परियोजना को लेकर अपनी मांगों के समर्थन में धरने पर बैठे थे। गुरुवार को पुलिस ने धरना स्थल पर पहुंचकर उन्हें हिरासत में ले लिया।
दिल्ली में राहुल गांधी से की थी मुलाकात
गिरफ्तारी से पहले योगेंद्र साव अपनी बेटी और पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के साथ दिल्ली गए थे, जहां उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी। दिल्ली से लौटने के बाद वे फिर से धरना स्थल पहुंचे थे, जहां पुलिस ने कार्रवाई की। दोनों नेताओं की गिरफ्तारी के बाद झारखंड की राजनीति में बयानबाजी शुरू हो गई है। समर्थकों ने कार्रवाई का विरोध जताया है, जबकि पुलिस का कहना है कि कानून के तहत कार्रवाई की गई है और आगे की जांच जारी है।

