रांची: झारखंड की राजधानी रांची में दो सप्ताह से भी अधिक समय से जेपीएससी जेएसएससी परीक्षाओं में धांधली मामले को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों की ओर से बीते 10 अगस्त को किए गए झारखंड विधानसभा घेराव व बीएनएस की धारा 163 के उल्लंघन मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. विधानसभा थाना में इस संबंध में मौके पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी मो. निशात अहमद की लिखित शिकायत पर बीएनएस की सुसंगत धाराओं में कांड संख्या 61/2026 दर्ज किया गया है.
Highlights:
इसे भी पढ़ें: रांची में छात्रों का आंदोलन 20वें दिन भी जारी, घेराव की आशंका के बीच सीएम आवास की सुरक्षा हुई कड़ी
पुलिस जवानों पर हमला
दर्ज प्राथमिकी में पुलिस की बार-बार की चेतावनियों व शांति की अपील को दरकिनार कर सुरक्षा घेरा तोड़ने के साथ साथ मौके पर तैनात दंडाधिकारियों और पुलिस बल पर जानलेवा हमला करने का भी आरोप लगाया गया है. दर्ज प्राथमिकी में की गई शिकायतों के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने निलाद्री भवन और योगदा सत्संग के समीप लगे बैरिकेड्स एवं ड्रॉप गेट को तोड़ दिया गया. इस दौरान ड्यूटी पर प्रतिनियुक्त अधिकारियों ने जब छात्रों को रोकना चाहा, तो छात्रों ने धक्का-मुक्की की और इस दौरान दंडाधिकारियों व पुलिसकर्मियों पर जूते-चप्पल, पानी की बोतलें और ईंट-पत्थर से हमला किया गया. इसमें पुलिस कर्मियों व जवानों को चोट लगी.
जबरन घुसने की कोशिश
बैरिकेड्स एवं ड्रॉप गेट को तोड़ने के बाद छात्रों की भीड़ नए विधानसभा के गेट नंबर 1 तक पहुंच गए और कई घंटों तक वहां जमे रहे. इस दौरान पुलिस अधिकारियों के लिए बनाए गए टेंटों को छात्रों की भीड़ ने उखाड़ फेंका और सुरक्षा बैरिकेड्स तोड़कर विधानसभा परिसर के भीतर जबरन घुसने की कोशिश की. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा. बाद में देर शाम लगभग 7 बजे पुलिस बल के सहयोग से छात्रों को मौके से हटाया गया.

