जमशेदपुर: झारखंड की लौह नगरी जमशेदपुर में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस बार ठगी के इस खेल में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेताओं— गोविंदा, चंकी पांडे, शक्ति कपूर, रजा मुराद और भोजपुरी स्टार व सांसद मनोज तिवारी का नाम घसीटा गया है। कोर्ट के कड़े रुख के बाद साकची थाना में इन कलाकारों सहित कंपनी के निदेशकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
Highlights:
पीड़ितों ने फिल्म सितारों को देख लगाया पैसा
ठगी के शिकार हुए निवेशकों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने मैक्सीजोन टच प्राइवेट लिमिटेड (Maxizone Touch Pvt Ltd) नामक कंपनी में अपनी मेहनत की कमाई निवेश की थी। पीड़ितों का कहना है कि कंपनी के विज्ञापनों और सेमिनारों में इन बड़े फिल्मी सितारों की तस्वीरों और नामों का इस्तेमाल यह दिखाने के लिए किया गया था कि कंपनी पूरी तरह भरोसेमंद है। सितारों की चमक-धमक देखकर निवेशकों को लगा कि उनका पैसा सुरक्षित है और सभी ने पैसे निवेश किये।


8 लाख से शुरू हुई कहानी
शिकायत के अनुसार, दिसंबर 2021 से फरवरी 2022 के बीच पीड़ितों से लगभग आठ लाख रुपये का निवेश कराया गया। उन्हें मोटा मुनाफा देने का लालच दिया गया था, लेकिन समय पूरा होने के बाद न तो रिटर्न मिला और न ही मूल राशि। जांच में पता चला है कि यह ठगी केवल 8 लाख तक सीमित नहीं है, बल्कि जमशेदपुर के कई अन्य लोगों से भी करोड़ों रुपये इसी तरह वसूले गए हैं।
जालसाजी के मास्टरमाइंड
पुलिस ने इस मामले में कंपनी के मुख्य कर्ताधर्ताओं को नामजद किया है। जिनमें कंपनी के डायरेक्टर चंद्रभूषण सिंह, सह-डायरेक्टर और चंद्रभूषण की पत्नी प्रियंका सिंह और कंपनी के जमशेदपुर शाखा प्रतिनिधि सूर्य नारायण पात्रो शामिल हैं। बता दें कि आरोपी डायरेक्टर दंपति को पुलिस ने कुछ समय पहले ही धनबाद स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस से नाटकीय ढंग से गिरफ्तार किया था। फिलहाल दोनों सलाखों के पीछे हैं।
पहले भी दर्ज हो चुके हैं केस
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई निवेशकों ने इसी कंपनी के खिलाफ साकची थाना में ठगी का केस दर्ज कराया था। कई पीड़ितों का आरोप है कि उन्होंने करोड़ों रुपये कंपनी में निवेश किए, लेकिन उन्हें न तो मुनाफा मिला और न ही उनकी राशि लौटाई गई।

खबरें और भी: हजारीबाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 40 लाख के मादक पदार्थ जब्त, 8 तस्कर गिरफ्तार
जांच में जुटी पुलिस
साकची थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कंपनी के दस्तावेजों, बैंक खातों और निवेश से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कंपनी ने कितने लोगों से कितनी राशि जुटाई और पैसा कहां खर्च किया गया है।
निवेशकों को सतर्क रहने की अपील
इस मामले में पुलिस और प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी कंपनी में निवेश करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें। सिर्फ नामी चेहरों के प्रचार के आधार पर निवेश करना भारी नुकसान का कारण बन सकता है। साथ ही प्रसाशन के कहा कि जांच पूरी होने के बाद इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


