बिहार : 20 नवंबर को मंत्री पद की शपथ लेने के बाद नए ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने बुधवार को औपचारिक रूप से ऊर्जा विभाग का कार्यभार संभाल लिया। विभाग पहुंचने पर विभागीय सचिव सह सीएमडी, बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड मनोज कुमार सिंह, दक्षिण बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के एमडी महेंद्र कुमार और उत्तर बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के एमडी राहुल कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मंत्री का स्वागत किया।
Highlights:
परियोजनाओं की समीक्षा
कार्यालय संभालने के बाद ऊर्जा मंत्री ने विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ बैठक की और विभाग में चल रही विभिन्न परियोजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी ली। बैठक में विभागीय सचिव ने उपभोक्ताओं के हित में संचालित योजनाओं, बिजली आपूर्ति से जुड़े प्रयासों और अवसंरचना विकास की स्थिति से मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का भरोसा भी दिया।
बेहतर और सुगम बिजली सुविधा प्राथमिकता
बैठक के दौरान ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता उपभोक्ताओं को बेहतर, सुगम और निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा 1 करोड़ 89 लाख से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने की व्यवस्था जारी है, जिससे आम परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में उद्योगों की बढ़ती मांग को देखते हुए विद्युत अवसंरचना का लगातार सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है, ताकि उत्पादन और वितरण दोनों स्तरों पर क्षमता बढ़ाई जा सके।
एबी केबल और मेंटेनेंस पर विशेष जोर
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा एक बड़े स्तर पर सुधार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी एलटी और एचटी लाइनों को एबी केबल में क्रमिक रूप से परिवर्तित किया जा रहा है। पीसीएस और जीएसएस का नियमित मेंटेनेंस किया जा रहा है। पुराने सिस्टम को चरणबद्ध तरीके से अपग्रेड किया जा रहा है ताकि फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्या में कमी आए। उन्होंने कहा कि विभाग उपभोक्ता हितों को सर्वोपरि रखकर बिजली आपूर्ति तंत्र को और मजबूत बनाने की दिशा में लगातार काम करता रहेगा। ऊर्जा मंत्री के इस दौरे को विभाग में नई ऊर्जा और तेज गति से काम करने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।


