न्यूज डेस्क : भारत के कोलकाता से लगभग 180 यात्रियों को लेकर इंडिगो की फ़्लाइट 6ई-1703 सोमवार को चीन के ग्वांगझोउ पहुंची. इसके साथ ही लगभग पांच साल बाद भारत और चीन के बीच सीधी उड़ानें बहाल हो गई हैं. कोविड महामारी के दौरान 2020 की शुरुआत में दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानें निलंबित कर दी गई थीं.
साल 2020 में लद्दाख के गलवान में भारत और चीन की सेनाओं के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद उड़ानें दोबारा शुरू नहीं की गई थीं. हालांकि अब दोनों देशों के संबंध धीरे-धीरे सुधर रहे हैं. पिछले साल दोनों पक्षों ने सीमा पर गश्त से जुड़ा एक ऐतिहासिक समझौता भी किया था.
इस साल अगस्त में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सात साल बाद चीन की यात्रा पर गए, और उसी महीने चीन के विदेश मंत्री वांग यी भी भारत आए थे. भारत सरकार का कहना है कि उड़ानों की बहाली से लोगों के बीच संपर्क बढ़ेगा और ‘द्विपक्षीय संबंधों को धीरे-धीरे सामान्य बनाने’ में मदद मिलेगी.


